फतेहाबाद में रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने जीएम को सौंपा मांग पत्र
-फतेहाबाद डिपू में भेजी जाएं नई बसें, कर्मचारियों की लंबित मांगों का हो जल्द समाधान : हनुमान वर्मा
फतेहाबाद, 1 अक्टूबर हरियाणा के फतेहाबाद में रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने डिपो प्रधान हनुमान वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की और मांग पत्र सौंपा। यूनियन ने पुरानी बसों को डिपो में भेजने पर रोक, ओवरटाइम भुगतान, और कार्यस्थल सुधार जैसे मुद्दों को उठाया। जीएम ने मांगों पर सहमति जताई और मुख्यालय से संबंधित मांगों को भेजने का आश्वासन दिया।मीटिंग मे पूर्व खजांची दीपक बल्हारा, सचिव संदीप जांडली, सह सचिव राजेश सागु, कृष्ण कुमार, रणजीत दौलतपुरिया, ऑडिटर जयवीर, सत्यवान, रमेश गुजर, सुनील जांगड़ा, राजेश साबरवास, बलबीर नुनिया आदि कर्मचारी मौजूद रहे। जीएम के सामने बातचीत में रोडवेज नेताओं ने कहा कि वर्कशॉप में चालक द्वारा जॉब कार्ड भरने पर कार्य नहीं हो रहा। बसे बीच रास्ते खराब हो जाती हैं जनता में छवि धूमिल हो रही है। नई गाडिय़ां अन्य डिपूओं में भेजी जा रही है और दूसरे डिपो से पुरानी गाडिय़ां फतेहाबाद आ रही है, जिस पर रोक लगाई जाए। दूसरे डिपो से लीज बसें फतेहाबाद भेजी जा रही है, जिससे फतेहाबाद डिपो को लीज बस डिपो बनाने की मंशा जाहिर हो रही है, इस पर रोक लगे। प्रयागराज रुट पर चले चालकों का ओवर टाइम दिया जाए। एसपीएल परिचालकों का मई 2024 महीने का आधा वेतन नहीं मिला, उसका तुरंत भुगतान हो और इन परिचालकों को लोकल मार्ग से ज्यादा लंबे मार्ग पर चलाया जाए। बहादुरगढ़-सिरसा की रोटेशन बनाई जाए। लोकल मार्गों की रोटेशन का निर्धारित समय 8 घंटे से ज्यादा है, इन सभी रोटेशनों का समय 8 घंटे किया जाए। कर्मचारियों की समस्याओं के निवारण के लिए प्रत्येक माह खुला दरबार लगाया जाए। कर्मचारियों के मेडिकल बिलों का भुगतान समय पर हो और मुख्यालय के आदेश अनुसार जूनियर चालक परिचालक को मार्ग ड्यूटी और सीनियर को अन्य ड्यूटी पर लगाया जाए। ओवर टाइम और रात्रि भत्तो का भुगतान समय पर किया जाए व वर्कशॉप में रेस्टरूम व बाथरूम की उचित व्यवस्था हो। वर्कशॉप में सभी कमरों के ऊपर पानी ठहरता है जिस से कमरे खराब हो रहे है उन की सफाई करवाकर रिपेयर करवाया जाए। भुना, उकलाना, नरवाना, टोहाना और जाखल की परिवहन समिति की बसों का संचालन नए बस स्टैंड से करवाया जाए। वर्दी भत्ता और जूते के पैसे दिलवाए जाए। वर्कशॉप में स्टोर में सामान की कमी है जिस के कारण गाडिय़ां खड़ी रहती है वो स्टोर में उपलब्ध करवाया जाए। परिचालकों को खुले पैसे की व्यवस्था कैश ब्रांच से करवाई जाए। डिपो प्रधान हनुमान वर्मा ने कहा कि मानी हुई मांगो पर शीघ्र ही पत्र जारी नहीं होते हैं तो शीघ्र ही यूनियन कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुलाकर उनसे विचार विमर्श उपरांत एक निर्णय आंदोलन की घोषणा की जाएगी जिसकी जिम्मेवारी महाप्रबंधक की होगी।