संदिग्ध परिस्थितियों में मकान में लगी आग
संदिग्ध परिस्थितियों में मकान में लगी आग
बहराइच, 16 मई। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिल में दरगाह थाना क्षेत्र अंतर्गत नुरूद्दीन चक में शनिवार को एक घर में अचानक आग लग गई। आग लगने से एक महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को लखनऊ रेफर किया गया है। महिला के पति ने अपने साले और उसके पुत्र पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध माना है।
नूरुद्दीन चक के रहने वाले राजीव पत्नी चंदा के साथ अपने घर मे रहते हैं। शनिवार को सुबह उनके घर में आग लग गई। आग से उनकी पत्नी चंदा बुरी तरह घायल हो गई। घटना की जानकारी पर दरगाह थानाध्यक्ष रामाज्ञा सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। महिला को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया। महिला की गम्भीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। महिला चंदा ने बयान में बताया कि मकान के विवाद के कारण रिश्ते के भाइयों शमी, मो. शफी व आश्मी ने उनके घर में आग लगाया है।
दरगाह थानाध्यक्ष रामाज्ञा सिंह ने बताया कि महिला के पति की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जो तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसी अनुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।