टीजीटी परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 25 हजार के इनामी अपराधी समेत दो गिरफ्तार

टीजीटी परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 25 हजार के इनामी अपराधी समेत दो गिरफ्तार

टीजीटी परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 25 हजार के इनामी अपराधी समेत दो गिरफ्तार

वाराणसी, 12 जून  वाराणसी पुलिस ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठाकर अभ्यर्थियों को पास कराने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। चेतगंज थाना पुलिस ने गिरोह के 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से फर्जीवाड़े में प्रयुक्त कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

डीसीपी कार्यालय काशी जोन की ओर से शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चेतगंज पुलिस ने गुरुवार शाम इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर चौकाघाट लकड़ी मंडी क्षेत्र से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के मधेपुरा जिले के टेमाभेला थाना क्षेत्र के ग्वालापार निवासी दौलत कुमार तथा सुपौल जिले के रतनपुरा निवासी नितीश कुमार के रूप में हुई है। इनमें दौलत कुमार पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलता था। इसके बाद वास्तविक परीक्षार्थियों के स्थान पर दूसरे व्यक्तियों को परीक्षा में बैठाने की व्यवस्था की जाती थी। गिरोह फर्जी पहचान पत्र, संपादित आधार कार्ड, एडमिट कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कर इस पूरे रैकेट को संचालित करता था।

गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से मोबाइल फोन, प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, सिम कार्ड, बैंक चेक तथा विभिन्न अभ्यर्थियों के फोटो सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे अभ्यर्थियों से धनराशि लेकर उन्हें परीक्षा में पास कराने का आश्वासन देते थे और इसके लिए फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराते थे।

डीसीपी काशी जोन कार्यालय के अनुसार, इस मामले में पूर्व में भी गिरोह से जुड़े कई आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में चेतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उनकी टीम तथा सर्विलांस सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।