पिता पर एक साल के बेटे की हत्या का आरोप

पिता पर एक साल के बेटे की हत्या का आरोप

बलिया, 5 अक्टूबर  बलिया में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक कलियुगी पिता पर उसके एक साल के मासूम बेटे की हत्या का आरोप लगा है। मासूम की मां की शिकायत पर पुलिस ने रविवार को हत्यारे पिता को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार बैरिया क्षेत्र के सुरेमनपुर गांव की निवासी रीना तिवारी ने रविवार को थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके एक वर्ष के बेटे कीनू को उसके पति रुपेश तिवारी ने जान से मारने के लिए शनिवार रात धारदार हथियार से वार कर दिया। जिसकी इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी बैरिया फहीम कुरैशी ने रविवार को बताया कि मृत मासूम की मां द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार हत्यारोपित पिता नशे का आदी है। वह अक्सर घर में मारपीट करता था। उन्होंने बताया कि मासूम की हत्या के संबंध में मुकदमा दर्ज कर अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति बनी हुई है।