जौनपुर में लोनिवि के लेखाधिकारी से मारपीट मामले में एफआईआर
जौनपुर में लोनिवि के लेखाधिकारी से मारपीट मामले में एफआईआर
जौनपुर, 30 जनवरी । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के वरिष्ठ खंडीय लेखाधिकारी राम मिलन यादव ने अधिशासी अभियंता सहित तीन लोगों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में शुक्रवार रात लाइन बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पीड़ित लेखाधिकारी राम मिलन यादव के अनुसार, दोपहर लगभग दो बजे अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार ने उन्हें अपने कक्ष में बुलाया था। वहां भुगतान से संबंधित कुछ पत्रावलियों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। यादव ने जब आपत्ति जताई तो अधिशासी अभियंता नाराज हो गए।
आरोप है कि इसके बाद अधिशासी अभियंता के उकसाने पर सत्ताधारी दल से जुड़े दो विधायकों शाहगंज विधायक रमेश सिंह और बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा के प्रतिनिधियों तथा उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। घटना को लेकर राम मिलन यादव ने लाइन बाजार पुलिस को लिखित तहरीर दी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार, गुड्डू तथा रजनीश सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, दूसरे पक्ष ने वरिष्ठ खंडीय लेखाधिकारी द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए मारपीट की घटना से इंकार किया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।