एटा का पटना पक्षी विहार बना उत्तर प्रदेश का 11वां वेटलैंड रामसर साइट

विश्व वेटलैंड्स दिवस 2 फरवरी को महावीर स्वामी ​पक्षी विहार में आयोजित होगा नेचर एण्ड बर्ड फेस्टिवल

एटा का पटना पक्षी विहार बना उत्तर प्रदेश का 11वां वेटलैंड रामसर साइट

लखनऊ,31 जनवरी । उत्तर प्रदेश के एटा जिले में स्थित पटना पक्षी विहार प्रदेश की 11वीं वेटलैंड रामसर साइट घोषित की गयी है। भारत में रामसर साइट की संख्या के हिसाब से उत्तर प्रदेश का दूसरा स्थान है। यह जानकारी प्रदेश के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डा.अरूण सक्सेना ने शनिवार को दी।

डा.अरूण सक्सेना ने आभासी माध्यम से अरण्य भवन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि विश्व वेटलैंड्स दिवस 2 फरवरी को बेतवा नदी के तट पर स्थित महावीर स्वामी पक्षी विहार में नेचर एण्ड बर्ड फेस्टिवल का शुभारम्भ किया जायेगा।

वन मंत्री ने बताया कि महावीर स्वामी वन्यजीव विहार पवित्र हिन्दू जैन एवं बौद्ध समाज के धार्मिक आस्था एवं आध्यात्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केन्द्र है। देवगढ़ में प्रत्येक वर्ष इन तीनों धर्मों के श्रद्धालु एकत्र होकर आध्यात्मिक विषयों,प्रकृति संरक्षण तथा मानव के सम्पूर्ण विकास पर विचार विमर्श कर इस क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार कर प्रकृति संरक्षण के लिए जन सामान्य को प्रेरणा देते हैं।

डा.अरूण सक्सेना ने बताया कि वेटलैंड्स भूगर्भ जल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वेटलैंड को भोजन का खजाना कहा जाता है। यह क्षेत्र प्रत्यक्ष रूप से मछलियां, खाने योग्य वनस्प्तियां, लकड़ी व ईंधन के रूप में लकड़ी व औषधी प्रदान करते हैं। प्रदेश में लगभग 12.42 लाख हेक्टेयर वेटलैंड से आच्छादित है। प्रदेश के वेटलैंड में मगर, घड़ियाल, डाल्फिन, बारह सिंहा, सारस व कछुओं की 14 प्रजातियां पाई जाती हैं। मंत्री ने बताया कि प्रत्येक ग्राम सभा में वेटलैन्ड कमेटी का गठन होगा।