मैसूरु–वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस की खाली बोगी पटरी से उतरी, रेल परिचालन सामान्य

मैसूरु–वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस की खाली बोगी पटरी से उतरी, रेल परिचालन सामान्य

मैसूरु–वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस की खाली बोगी पटरी से उतरी, रेल परिचालन सामान्य

वाराणसी, 31 जनवरी । उत्तर प्रदेश के वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को मैसूरु–वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस की एक खाली रैक का लगेज ब्रेक (पार्सल वैन) पटरी से उतर गई। हालांकि, इस घटना से रेल यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और किसी प्रकार की जनहानि भी नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार मैसूरु–वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22687) पूर्वाह्न में वाशिंग डिपो की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन पावर केबिन के पास पहुंची, उसी दौरान ट्रेन के पिछले हिस्से में लगी ब्रेक और जनरेटर यान (खाली बोगी) अचानक पटरी से उतर गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। बोगी के खाली होने के कारण किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद बोगी को पुनः पटरी पर चढ़ाया और ट्रेन को वाशिंग डिपो भेज दिया गया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस घटना के चलते अन्य ट्रेनों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा और सभी ट्रेनें सामान्य रूप से चलती रहीं। फिलहाल बोगी के पटरी से उतरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। एडीआरएम बी.के. यादव ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।