वाराणसी शहर के चौराहों और घाटों को मिलेगी 'ग्रीन शेड' की छाया

-रथयात्रा से हुई शुरुआत, जल्द शहर के अन्य चौराहों पर लगेंगे शेड, राहगीरों को मिलेगी राहत

वाराणसी शहर के चौराहों और घाटों को मिलेगी 'ग्रीन शेड' की छाया

वाराणसी, 23 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में अप्रैल माह के तीसरे सप्ताह में ही सूरज की तपिश और लू (हीट वेव) के बढ़ते असर ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शहर में राहगीरों और वाहन चालकों को चिलचिलाती धूप से बचाने के लिए नगर निगम ने एक अनूठी पहल की है। शहर के प्रमुख चौराहों और गंगा घाटों पर अब 'हरा पर्दा' (ग्रीन शेड) लगाया जा रहा है, जिससे तीखी धूप सीधे राहगीरों तक न पहुंच सके।

निगम की इस मुहिम की शुरुआत गुरूवार को रथयात्रा चौराहे से हुई। नगर निगम के मुख्य अभियंता आरके सिंह ने बताया कि शहर के व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को गर्मी से बेहाल होना पड़ता है। इसे देखते हुए लहुराबीर, मलदहिया ( सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति के पास) और दशाश्वमेध जैसे प्रमुख चौराहों के साथ-साथ गंगा घाटों पर भी ग्रीन शेड लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह हरा पर्दा न केवल छाया प्रदान करेगा, बल्कि लू के थपेड़ों से भी सुरक्षा कवच की तरह काम करेगा।

17 स्थानों पर वाटर कूलर और 22 पर प्याऊ

नगर निगम की ओर से शहर के अलग-अलग इलाकों में 17 स्थानों पर आधुनिक वाटर कूलर और 22 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की इस पहल से आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। महापौर अशोक तिवारी ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए नगर निगम पूरी तरह सतर्क है। हमारा मुख्य उद्देश्य यह है कि दोपहर में सड़कों पर निकलने वाले हर राहगीर को धूप और लू से सुरक्षा मिले। ग्रीन शेड लगाना उसी दिशा में एक प्रभावी कदम है ताकि शहर के प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त छाया रहे और राहगीरों को न्यूनतम असुविधा हो।