प्रधानमंत्री के प्रस्तावित विशाल महिला सम्मेलन से पहले मौसम विभाग ने दी राहत भरी जानकारी
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित विशाल महिला सम्मेलन से पहले मौसम विभाग ने दी राहत भरी जानकारी
वाराणसी, 23 अप्रैल। वाराणसी में आगामी 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन और प्रस्तावित नारी वंदन कार्यक्रम विशाल महिला सम्मेलन की तैयारियां कर रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला कार्यकर्ताओं और भाजपा के महानगर व जिले के पदाधिकारियों के लिए मौसम विभाग की ओर से राहत भरी जानकारी दी गई है।
मौसम वैज्ञानिक मनोज कुमार ने पत्रकारों को बताया कि तेज धूप और तपन झेल रही वाराणसी के लोगों को पश्चिमी विक्षोभ से थोड़ी राहत मिलेगी। 26 से 30 अप्रैल के आसपास पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव आ सकता है, जिससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आने की उम्मीद है। 26 से 27 अप्रैल तक मौसम मुख्य रूप से बेहद गर्म रहेगा। वही, 28 अप्रैल को तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है और बादल छाने की संभावना है, जिससे तेज गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है। हवा चलने से भी थोड़ी राहत महसूस होगी।
बता दें कि भाजपा में काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारियों की ओर से 28 अप्रैल को प्रस्तावित नारी वंदन कार्यक्रम विशाल महिला सम्मेलन को लेकर बैठकों का दौर जारी है। बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बरेका) के मैदान में महिला सम्मेलन में 50 हजार से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी की छह विधानसभाओं में से रोहनिया में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, सेवापुरी में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विनिता सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर को अजगरा में, पूजा दीक्षित को दक्षिणी विधानसभा, खुशबू सिंह को उत्तरी विधानसभा और भाजपा नेत्री निर्मला सिंह पटेल को कैंट विधानसभा में बैठके करते और महिला कार्यकर्ताओं से संपर्क करते हुए पाया जा रहा है।