एटा में प्रेम प्रसंग के चलते चाची-भतीजे ने पेड़ से लटक कर दी जान
एटा में प्रेम प्रसंग के चलते चाची-भतीजे ने पेड़ से लटक कर दी जान
एटा, 11 फरवरी । उत्तर प्रदेश में एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र में बुधवार को गांव के बाहर पेड़ पर फांसी के फंदे से एक युवक और महिला की लाश लटकी मिली। दोनों विवाहित और पड़ाेसी हाेने के नाते रिश्ते में चाची-भतीजे थे। ग्रामीणाें का कहना है कि इनके बीच प्रेम संबंध थे, जिसकी वजह से दाेनाें ने अपनी जान दी हैं। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दिया। सीओ सकीट कृतिका सिंह और थाना प्रभारी आर.के. सिंह ने मौका मुआयना किया है।
सीओ ने बुधवार काे बताया कि मलावन थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम पुरा के ग्रामीणों ने गांव के ही रहने वाले रमन (20) और रिंकू की पत्नी रोशनी (32) का शव गांव से एक किलोमीटर दूर बाबूराम के खेत में आम के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका देखा। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फील्ड यूनिट एवं फोरेसिंक टीम को घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक रमन की शादी को अभी सात माह हुए हैं, जबकि रोशनी पूर्व से विवाहित थी और उसका पति रिंकू ड्राइवर है। दोनों का घर भी आमने-सामने है। गांव में यह चर्चा है कि दोनों के मध्य प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बीती रात में किसी समय घर से निकलकर दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अभी तक इस संबंध में किसी तरह की कोई तहरीर भी पुलिस काे नहीं मिली है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है।