सीएसए में कैम्पस प्लेसमेंट : एग्रोस्टार व गोदरेज एग्रोवेट में 15 छात्र-छात्राओं का चयन
सीएसए में कैम्पस प्लेसमेंट : एग्रोस्टार व गोदरेज एग्रोवेट में 15 छात्र-छात्राओं का चयन
कानपुर, 24 जनवरी । चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के सेवायोजन के निदेशक डॉ० विजय कुमार यादव ने शनिवार को अवगत कराया कि विश्वविद्यालय के कैम्पस प्लेसमेंट में देश की ख्यातिप्राप्त एग्रोस्टार प्राइवेट लिमिटेड कंपनी भाग लेने आई। जिसके अंतर्गत छह छात्र-छात्राओं का एग्रोस्टार कंपनी में 6.62 लाख एवं नौ छात्र-छात्राओं का गोदरेज एग्रोवेट लिमिटेड में 5.50 लाख के पैकेज पर चयन हुआ है।
कंपनी की ओर से शिवांगी श्रीपत (लीड पीपुल प्रैक्टिसेज), अंशुल खन्ना (असिस्टेंट रीजनल मैनेजर) एवं राकेश सिंह (रीजनल मैनेजर) ने विश्वविद्यालय के एमबीए एग्री बिजनेस मैनेजमेंट पाठ्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले 18 छात्र-छात्राओं का समूह चर्चा लिया। तत्पश्चात 14 छात्र-छात्राओं का व्यक्तिगत साक्षात्कार किया गया, जिसमें मदन मोहन वाजपेयी, पुनीत कुमार, विपुल सिंह एवं अभिषेक त्रिपाठी का चयन किया गया। चयनित कंपनी द्वारा छात्रों को 6.62 लाख रुपये का पैकेज दिया जाएगा।
एग्रोस्टार भारत की एक प्रमुख कृषि कंपनी के रूप में उभरकर सामने आई है। भारतीय कृषि तेजी से डिजिटल युग में प्रवेश कर रही है। वर्ष 2013 में स्थापित, पुणे स्थित एग्रोस्टार किसानों को तकनीक के माध्यम से सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। एग्रोस्टार एक डायरेक्ट टू फार्मर डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करती है, जो मोबाइल, कॉल सेंटर एवं स्थानीय वितरण नेटवर्क के माध्यम से किसानों से जुड़ी हुई है।
आज गोदरेज एग्रोवेट लिमिटेड कंपनी के शिवेंद्र सिंह (डिप्टी जनरल मैनेजर – सेल्स), राघवेंद्र सिंह (मार्केटिंग हेड) एवं हेमलता कोटवानी (रीजनल एचआर) द्वारा विश्वविद्यालय के एमबीए एग्री बिजनेस मैनेजमेंट के प्रतिभाग करने वाले 27 छात्र-छात्राओं का समूह चर्चा ली गई। तत्पश्चात 16 छात्र-छात्राओं का व्यक्तिगत साक्षात्कार किया गया, जिसमें नौ छात्रों को चयन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। चयनित कंपनी द्वारा छात्रों को 5.50 लाख रुपये का पैकेज एवं अन्य लाभ भी प्रदान किए जाएंगे। गोदरेज एग्रोवेट एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रमुख कृषि व्यवसाय कंपनी है, जो पशु आहार, फसल सुरक्षा उत्पाद, डेयरी, पोल्ट्री तथा ऑयल पाम जैसे क्षेत्रों में कार्य करती है।
निदेशक ने यह भी अवगत कराया कि इफको किसान फाइनेंस लिमिटेड, नियोसेफ केमिकल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, श्रीराम बायोसीड्स प्राइवेट लिमिटेड, ट्रांस ग्राफ प्राइवेट लिमिटेड, सहज मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, यूनिविया प्राइवेट लिमिटेड, बायोफ्यूल सर्कल प्राइवेट लिमिटेड एवं ओनली हाइड्रोपोनिक्स कंपनियों से कैम्पस ड्राइव की तिथियों के निर्धारण के लिए कंपनी प्रतिनिधियों से वार्ता चल रही है।
एग्रोस्टार प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में स्थान प्राप्त करने पर छात्रों में विशेष उल्लास देखा गया। विश्वविद्यालय के कुलपति विजयेंद्र पांडियन ने इस प्रतिष्ठित कंपनी में चयनित छात्रों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस प्रक्रिया को सफल बनाने में मुलायम सिंह, सरिता पाण्डेय एवं प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर का विशेष सहयोग सराहनीय रहा।Devi-Gangapuri-alumnus-Raj-Pandey-selected-in-Indian-soft-tennis-team