ज्वाला देवी गंगापुरी के पूर्व छात्र राज पाण्डेय का भारतीय सॉफ्ट टेनिस टीम में चयन
ज्वाला देवी गंगापुरी के पूर्व छात्र राज पाण्डेय का भारतीय सॉफ्ट टेनिस टीम में चयन
प्रयागराज, 24 जनवरी, । ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गंगापुरी रसूलाबाद के पूर्व छात्र राज पाण्डेय का चयन पंजाब के लुधियाना शहर में 3 फरवरी से 8 फरवरी तक आयोजित होने वाले द्वितीय एशियन जूनियर सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली भारतीय सॉफ्ट टेनिस टीम (अण्डर-21) में चयन हुआ है।
यह जानकारी ज्वाला देवी के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र ने शनिवार को देते हुए बताया कि राज पाण्डेय ने अपने खेल कौशल के द्वारा अहमदाबाद के मणिनगर में आयोजित ट्रायल तथा सीहोर में टॉप फाइव खिलाड़ियों में अपनी जगह सुनिश्चित करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर एमेच्योर सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव प्रशांत शर्मा ने उन्हें बधाई दी तथा उम्मीद जताई कि आगामी जूनियर एशियाई चैम्पियनशिप में भी मेडल जीतकर उत्तर प्रदेश का यह होनहार खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेगा।
इस उपलब्धि पर विद्या भारती काशी प्रांत के प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र ने सम्मान पत्र व साहित्य देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राकेश सिंह सेंगर, अध्यक्ष च्यवन भार्गव, कोषाध्यक्ष राजेश पाण्डेय एवं विद्यालय परिवार ने भैया राज पाण्डेय को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में विजयी होने की ईश्वर से कामना की।