भाजपा युवा मोर्चा ने नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर फूंका सोनिया-राहुल का पुतला
भाजपा युवा मोर्चा ने नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर फूंका सोनिया-राहुल का पुतला

मुरादाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा मुरादाबाद महानगर द्वारा नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर शनिवार को इंपीरियल तिराहे पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला फूंका गया। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अभिषेक चौबे ने कहा कि इस विरोध- प्रदर्शन का उद्देश्य नेशनल हेराल्ड घोटाले में संलिप्त कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी की भ्रष्ट नीतियों का विरोध करना और जनता को सच्चाई से अवगत कराना है। यह विरोध प्रदर्शन न केवल एक राजनीतिक संदेश है, बल्कि यह युवाओं की आवाज़ है, जो राष्ट्र की संपत्ति के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट हो रही है।
भाजयुमो मुरादाबाद महानगर के पदाधिकारियों ने यह स्पष्ट किया है कि कांग्रेस ने ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार की आड़ में जो वित्तीय अनियमितताएं की हैं, वह देश की जनता के साथ विश्वासघात है। इस प्रकार की धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार को देश की जनता कभी सहन नहीं करेगी। भाजयुमो के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार मुक्त भारत के संकल्प को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और कांग्रेस की देशविरोधी भ्रष्ट मानसिकता को जनता के सामने उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पुतला दहन कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष भाजपा गिरीश भंडूला, कार्यक्रम संयोजक व मंत्री अभिषेक ठाकुर, भाजयुमो महामंत्री अभिषेक राठौर व अमित गुड्डू सैनी, मीडिया प्रभारी अर्चित गुप्ता, भाजयुमो प्रभारी विशाल त्यागी, दिनेश सिसोदिया, आशुतोष सिंह, मिथुन शर्मा, हितेश सैनी, उज्जवल सैनी, रोहित सैनी आदि पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में युवा उपस्थित रहे।