अदलपुरा शीतला धाम में पार्किंग के नाम पर श्रद्धालुओं से की जा रही मनमानी वसूली

अदलपुरा शीतला धाम में पार्किंग के नाम पर श्रद्धालुओं से की जा रही मनमानी वसूली

अदलपुरा शीतला धाम में पार्किंग के नाम पर श्रद्धालुओं से की जा रही मनमानी वसूली

मीरजापुर, 10 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में चुनार कोतवाली क्षेत्र के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता मंदिर परिसर में वाहन पार्किंग के नाम पर श्रद्धालुओं से खुलेआम मनमानी वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्किंग संचालक सड़क पर अवैध रूप से बैरियर लगाकर मंदिर दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं से जबरन पैसे वसूल रहे हैं।

श्रद्धालुओं के अनुसार, दो पहिया वाहन से 20 रुपये और चार पहिया वाहन से 50 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है, जबकि पार्किंग स्थल पर कहीं भी निर्धारित रेट का बोर्ड नहीं लगाया गया है। इससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। कई श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर पार्किंग संचालकों द्वारा मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं।

बताया गया कि बड़ी शीतला माता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए देश-प्रदेश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी का फायदा उठाकर संचालक बीच सड़क पर बैरियर लगाकर वाहनों को जबरन पार्किंग में खड़ा कराते हैं और तय दर से अधिक शुल्क वसूलते हैं।

इस संबंध में वाराणसी के राजातालाब दीपापुर निवासी शिवसागर उपाध्याय, अरविंद उपाध्याय, जंसा थाना क्षेत्र के रामेश्वर जगापट्टी निवासी ललित पांडेय, विंध्याचल थाना क्षेत्र के कोलाही गांव निवासी दिनेश दुबे, चुनार क्षेत्र के लरछूट गांव निवासी जीतनाथ मिश्र व विकास मिश्र सहित कई श्रद्धालुओं ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि इस मामले की शिकायत कई बार एसडीएम चुनार राजेश वर्मा और सीओ मंजरी राव से मौखिक रूप से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इस मामले में एसडीएम चुनार राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।