उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव से मिलीं अमेरिकी महावाणिज्य दूत, बिहार-अमेरिका के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर
उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव से मिलीं अमेरिकी महावाणिज्य दूत, बिहार-अमेरिका के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर
पटना, 01 जून । बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव से सोमवार को अमेरिकी महावाणिज्य दूत कैथी जाइल्स-डियाज ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बिहार के विकास, आर्थिक प्रगति, निवेश की संभावनाओं और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
यह उच्चस्तरीय बैठक बिहार और अमेरिका के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा आपसी संबंधों को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अमेरिकी महावाणिज्य दूत को बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक महत्व और राज्य में चल रही विकासात्मक परियोजनाओं की जानकारी दी।
बिजेंद्र प्रसाद यादव ने राज्य में आधारभूत संरचना, शिक्षा, कृषि, उद्योग और वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बिहार में निवेश और विकास की बढ़ती संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य सरकार आर्थिक विकास को नई गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
बैठक के दौरान अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास की क्षेत्रीय गतिविधियों, प्राथमिकताओं और संभावित सहयोग के क्षेत्रों पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने तकनीकी सहयोग, क्षमता विकास, आर्थिक साझेदारी और निवेश को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की।
उपमुख्यमंत्री और कैथी जाइल्स-डियाज के बीच इस बात पर भी विचार हुआ कि बिहार की विकास आवश्यकताओं के अनुरूप नए सहयोगी अवसरों की पहचान कैसे की जाए, जिससे राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास को और गति मिल सके।
इस अवसर पर अमेरिकी महावाणिज्य दूत के साथ तीन सदस्यीय विशेषज्ञ प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। प्रतिनिधिमंडल में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास, कोलकाता की आर्थिक मामलों की विशेषज्ञ संगीता डे चंदा, प्रेस एवं मीडिया सहायक नयनतारा श्रॉफ तथा सुरक्षा संपर्क अधिकारी अनिरुद्ध घोष शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने बिहार में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को लेकर अपनी रुचि व्यक्त की।
बैठक के अंत में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने अमेरिकी महावाणिज्य दूत और उनके प्रतिनिधिमंडल का बिहार आगमन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संवाद से भविष्य में सहयोग के नए आयाम खुलेंगे और दोनों पक्षों के बीच संबंध और मजबूत होंगे। वहीं अमेरिकी महावाणिज्य दूत ने बिहार सरकार के आतिथ्य की सराहना करते हुए राज्य में हो रहे विकास कार्यों और सरकार की विकासोन्मुखी सोच की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बिहार में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और साझेदारी की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं।
बैठक में वित्त विभाग की सचिव (व्यय) रचना पाटिल भी उपस्थित रहीं और उन्होंने राज्य की वित्तीय योजनाओं तथा विकास कार्यक्रमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
-------------