विधानसभा चुनाव में भाजपा को विजय दिलाने के लिए जुटें सभी पदाधिकारी : धर्मपाल सिंह
विधानसभा चुनाव में भाजपा को विजय दिलाने के लिए जुटें सभी पदाधिकारी : धर्मपाल सिंह
लखनऊ, 26 जून । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में नव नियुक्त सभी पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए पूरी शक्ति से जुट जाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों, संगठन की ताकत और जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी पुनः प्रचंड विजय प्राप्त करेगी।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता और प्रत्येक पदाधिकारी संगठन की शक्ति का प्रतीक है। हमें सदैव स्मरण रखना होगा कि संगठन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भर भारत और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। हमें केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को प्रत्येक गांव, प्रत्येक बूथ और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना है। धर्मपाल सिंह ने कहा कि हम सभी को आपसी समन्वय, संवाद और टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। संगठन में हर कार्यकर्ता समान रूप से महत्वपूर्ण है। हमारी सफलता का मूल मंत्र है कि बूथ सशक्त होगा, तो चुनाव स्वतः सशक्त होगा।