सीवर लाइन निर्माण के दौरान मिट्टी धसने से मजदूर की दबकर मौत, आक्रोश

सीवर लाइन निर्माण के दौरान मिट्टी धसने से मजदूर की दबकर मौत, आक्रोश

प्रयागराज, 03 मई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करेली थाना क्षेत्र के गुरू सदैवा घाट सदियापुर में निर्मीणाधीन सीवर लाइन की खुदाई के दौरान मिट्टी धसकने से एक मजदूर की दबकर मौत हो गई। जबकि उसका साथी बच गया। हादसे के बाद जेसीबी चालक और ठेकेदार मौके से फरार हो गए।

सूचना पर पुलिस एवं एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और लगभग पांच घंटे बाद शव को बाहर निकाल लिया गया है। यह जानकारी रविवार काे सहायक पुलिस आयुक्त अतरसुइया निकिता श्रीवास्तव ने दी।

उन्होंने बताया कि मृत मजदूर की पहचान प्रयागराज जिले के बहरिया थाना क्षेत्र के धमौर गांव निवासी गया प्रसाद उर्फ बुद्धू पाल (45) पुत्र रामकृपाल पाल के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार एवं गांव के प्रधान सहित कई लोग पहुंचे हैं। उनकी मांग है कि ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और परिवार की आर्थिक सहायता दी जाए। पुलिस ने परिवार से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई शुरु कर दी है।