उरई में 250 एकड़ भूमि पर बनेगी स्मार्ट टाउनशिप,किसानों की सहमति के बाद शुरू होगा अधिग्रहण

उरई में 250 एकड़ भूमि पर बनेगी स्मार्ट टाउनशिप,किसानों की सहमति के बाद शुरू होगा अधिग्रहण

उरई में 250 एकड़ भूमि पर बनेगी स्मार्ट टाउनशिप,किसानों की सहमति के बाद शुरू होगा अधिग्रहण

उरई, 22 अक्टूबर  जिला प्रशासन के प्रयास से अब आवास विकास परिषद द्वारा स्मार्ट टाउनशिप का खाका तैयार किया जा रहा है। टाउनशिपके लिए मौजा बडेरा और उरई के जालौन रोड पर विभाग द्वारा लगभग 250 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है और यही भूमि अधिग्रहीत होगी। यह प्रक्रिया तभी शुरू होगी जब किसानों की पूर्ण सहमति प्रशासन को मिल जाएगी ।

उरई के जालौन रोड पर आवास विकास ने नई टाउनशिप के लिए 2007 में ही भूमि का चयन कर लिया था। उक्त भूमि की बिक्री पर रोक भी लगवा दी थी। यहां तक कि उरई विकास प्राधिकरण से मानचित्र की स्वीकृति के लिए आवेदन निरस्त होने लगे थे लेकिन भूमि के अधिग्रहण के लिए किसान तैयार नहीं हुए थे। इस कारण उक्त टाउनशिप पर आगे कार्य नहीं हो सका। फिर 2019 में उक्त भूमि की बिक्री शुरू कर दी गई। उस समय लगभग दो सौ एकड़ जमीन आवास विकास ने चिन्हित की थी। मौजूदा समय में चिन्हित की गई भूमि में लगभग 50 एकड़ की बिक्री कर दी गई। हालांकि अभी भी 150 एकड़ भूमि शेष है। जिसमें आवास विकास परिषद स्मार्ट टाउनशिप बनाने के लिए तैयार है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि आवास विकास के उच्च अधिकारियों से वार्ता के बाद स्मार्ट टाउनशिप के लिए भूमि चयन मौजा बडेरा तथा जालौन रोड उरई में की गई है। उक्त भूमि के दस्तावेज आवास विकास परिषद काे पहुंचा दिए गए हैं। बडेरा मौजा में लगभग 100 एकड़ एवं उरई मौजा जालौन रोड में 150 एकड़ भूमि का चिन्हीकरण किया गया है। जल्द ही आवास विकास परिषद की स्वीकृति के बाद किसानों से सहमति के लिए वार्ता की जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि यह योजना परवान चढ़ती है तो उरई के विकास के पंख लगेंगे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट टाउनशिप में चौड़ी सड़क, आधुनिक पार्क, आधुनिक शिक्षा, अस्पताल, मॉल के अलावा शानदार बाजार का निर्माण होगा।