प्रयागराज में मिड-डे मील खाने से 15 बच्चे बीमार, सीएमओ ने गठित की टीम
प्रयागराज में मिड-डे मील खाने से 15 बच्चे बीमार, सीएमओ ने गठित की टीम
प्रयागराज, 15 अप्रैल । उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के विकास खण्ड कोरांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलहट के बच्चे बुधवार को अचानक मिड डे मील भोजन करने से बीमार हो गए। उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों का कहना 15 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसमें से दस बच्चों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पांच बच्चाें का उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरांव विकासखण्ड क्षेत्र में स्थित बेलहट उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र एवं छात्राएं की बुधवार को भोजन करने के बाद तबीयत बिगड़ गई। बच्चों में उल्टी, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी बच्चों का उपचार किया गया और प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश बच्चों की हालत में सुधार हो गया। चिकित्सकों की निगरानी में बच्चों को रखा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग की सूचना मिलने पर तत्काल चिकित्सा टीम को सक्रिय किया गया। प्रभावित बच्चों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया है और उनकी स्थिति अब स्थिर है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है तथा भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और अभिभावकों को भी आवश्यक जानकारी दी जा रही है।