ऋतेश्वर जी महाराज बोले- ‘Gen Z को संस्कार और राष्ट्रबोध से जोड़ना जरूरी’, आधुनिकता-सनातन मूल्यों के समन्वय पर जोर
बाबतपुर स्थित बनारस किला में सद्गुरु ऋतेश्वर जी महाराज ने कहा कि युवा तकनीक से सशक्त और बुद्धिमान हैं, लेकिन उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रबोध से जोड़ना भी जरूरी है।
वाराणसी, 05 सितम्बर । वाराणसी में बाबतपुर स्थित बनारस किला में परम पूज्य सद्गुरु ऋतेश्वर जी महाराज ने कहा कि जेन जी आज का युवा बुद्धिमान और तकनीक से सशक्त है। जेन जेड को संस्कार और राष्ट्रबोध से जोड़ना जरूरी है।
पूज्य सद्गुरु ऋतेश्वर जी महाराज ने कहा कि राष्ट्र, समाज, सनातन संस्कृति और जेन जेड से जुड़े सभी सवाल अहम है। भारत की शक्ति केवल आर्थिक विकास में नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, चरित्र और सभ्यतागत जड़ों में निहित है। आधुनिकता और सनातन मूल्यों का समन्वय ही भारत को मजबूत बनाएगा।
सनातन विश्वविद्यालय पर उन्होंने कहा कि प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा, विज्ञान और शोध से जोड़ना समय की मांग है। वहीं श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट में नए सीईओ बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं राष्ट्रीय महत्व की संस्थाओं में अनुशासन, योग्यता और पारदर्शिता जरूरी है।