Mirzapur Janmashtami 2026: पुलिस लाइन में आधी रात गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’, कृष्ण लीला ने मोहा मन; हवन-पूजन के बाद मनाया जन्मोत्सव
मीरजापुर पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। कलाकारों और पुलिसकर्मियों की प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में डूबे रहे, रात में मंदिर में विधि-विधान से पूजा के बाद जन्मोत्सव मनाया गया।
मीरजापुर, 05 सितंबर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले की पुलिस लाइन में शुक्रवार की देर रात माहौल भक्तिमय हो गया। कहीं श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मंचन हुआ तो कहीं भजन-कीर्तन पर श्रद्धालु झूम उठे। मौका था श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक की मौजूदगी में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों और पुलिसकर्मियों ने ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि देर रात तक दर्शक भावविभोर रहे।
सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए कार्यक्रम में कलाकारों ने श्रीकृष्ण लीला का मनमोहक मंचन किया।
पुलिसकर्मियों ने भी भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शक कृष्ण भक्ति में डूबे नजर आए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन-कीर्तन के बाद पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन परिसर स्थित मंदिर में विधि-विधान से हवन-पूजन किया। इसके बाद श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर परिसर में कन्हैया जन्मोत्सव के उल्लास के बीच पुलिसकर्मियों और आमजन को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, सदर, लालगंज, ऑपरेशन व प्रज्ञान समेत प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।