यूपी में अगले 5 दिन बारिश के आसार, प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक की संभावना; 9-10 सितंबर को चेतावनी
IMD लखनऊ के अनुसार 9 से 13 सितंबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 9 और 10 सितंबर को पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ वर्षा को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
प्रयागराज, 09 सितंबर । आगामी पांच दिनों के मध्य प्रयागराज सहित उत्तर प्रदेश के हिस्सों में अगले पांच दिनों तक कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश में अभी मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं। यह पूर्वानुमान बुधवार को जारी भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ ने जारी किया है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 9 से 13 सितंबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा की संभावना बनी रहेगी। 9 और 10 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इन पांच दिनों के दौरान किसी विशेष चेतावनी का उल्लेख नहीं है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस. एन. सुनील पांडेय ने बताया कि मानसूनी गतिविधियों और वातावरण में पर्याप्त नमी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में स्थानीय स्तर पर गरज-चमक वाले बादल विकसित हो सकते हैं। इससे कम समय में मौसम में बदलाव और कहीं-कहीं तेज बौछार की स्थिति बन सकती है।
डॉ. पांडेय ने किसानों को सलाह दी है कि वर्षा और गरज-चमक की संभावना को देखते हुए खेतों में आवश्यक कृषि कार्य मौसम की स्थिति देखकर ही करें। बिजली चमकने के दौरान खुले खेत, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचें तथा पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर रखें।