उमेश पाल हत्याकांड: अतीक का शूटर अरमान 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

गया जेल से ट्रांजिट रिमांड पर प्रयागराज लाए गए अरमान को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किया गया, अब पुलिस पूछताछ के लिए रिमांड मांग सकती है।

उमेश पाल हत्याकांड: अतीक का शूटर अरमान 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

प्रयागराज, 05 अक्टूबर । उमेश पाल हत्याकांड में वांछित और अतीक अहमद के शूटर बताए जा रहे अरमान को प्रयागराज पुलिस ने सोमवार को आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी मयंक कुमार की अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अब प्रयागराज पुलिस अरमान को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।

अरमान को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लाया गया। उसके चेहरे को सफेद गमछे से ढका गया था। उसकी सुरक्षा में करीब 40 पुलिसकर्मी तैनात रहे। कोर्ट परिसर में भी 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसमें महिला पुलिसकर्मी, पीएसी, तीन एसीपी और बिहार पुलिस के कमांडो शामिल रहे।

अरमान पिछले करीब तीन वर्ष से गया की जेल में बंद था। वह पांच लाख रुपये का इनामी है। प्रयागराज पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर प्रयागराज लाई थी। पुलिस को उससे उमेश पाल हत्याकांड से जुड़े तथ्यों और अन्य फरार आरोपिताें के संबंध में पूछताछ करनी है।

सरकारी वकील मनोज पांडेय ने बताया कि अदालत में अरमान को आरोपों से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। कोर्ट ने उससे अधिवक्ता की आवश्यकता के बारे में पूछा, जिस पर उसने वकील की जरूरत बताई। इसके बाद उसे नि:शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने के लिए आवेदन लिया गया। मामले में अगली तारीख 14 दिन बाद निर्धारित की गई है।

प्रयागराज पुलिस ने अदालत को बताया कि अरमान अब तक इस मामले में गिरफ्तार नहीं किया गया था। उसके बिहार की जेल में होने की जानकारी मिलने के बाद उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई और उसे कोर्ट में पेश किया गया। न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद अब पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है।

उल्लेखनीय है कि उमेश पाल हत्याकांड 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में हुआ था। पुलिस के अनुसार, घटना के सीसीटीवी फुटेज में अरमान बाइक चलाते और उसके साथ गुड्डू मुस्लिम को देखा गया था। पुलिस का दावा है कि घटना के दौरान दोनों ने गोलीबारी की थी।