मत्स्य विभाग की योजनाओं का ऑनलाइन आवेदन तिथि 10 अगस्त तक बढ़ी
मत्स्य विभाग की योजनाओं का ऑनलाइन आवेदन तिथि 10 अगस्त तक बढ़ी
प्रयागराज, 05 अगस्त । उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक मत्स्य पालकों और अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। मत्स्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश ने विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब लाभार्थी 10 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। यह जानकारी बुधवार को मत्स्य पालक विकास अभिकरण, प्रयागराज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील कुमार पाल ने दी।
उन्होंने बताया कि मत्स्य निदेशालय द्वारा जारी संशोधित सूचना के अनुसार पहले आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। जिसे शासन ने अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बढ़ाकर 10 अगस्त 2026 कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट http://fisheries.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिन योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं उनमें मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, चयनित मत्स्य पालन के लिए एरेशन सिस्टम स्थापना योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण परियोजना, अंतरदेशीय खारे जल क्षेत्रों में मत्स्यिकी विकास के लिए नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, उत्तर प्रदेश में मोती संवर्धन योजना तथा विशेष प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना शामिल हैं।
प्रयागराज मत्स्य पालक विकास अभिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील कुमार पाल ने बताया कि आवेदन की समय-सीमा बढ़ाए जाने का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र मत्स्य पालकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें तथा आवेदन से पूर्व संबंधित योजना की पात्रता, आवश्यक अभिलेख एवं अन्य दिशा-निर्देश विभागीय पोर्टल पर अवश्य देख लें।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा। सभी योजनाओं का विस्तृत विवरण, परियोजना की लागत, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेज विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उन्होंने जनपद के सभी पात्र मत्स्य पालकों से अपील किया है कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए निर्धारित समयावधि में आवेदन अवश्य करें।