वाराणसी : राष्ट्रीय खेल दिवस पर शिक्षा संकाय में चंदन का पौधारोपण,सरक्षंण का संकल्प

- हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को जयंती पर याद किया गया

वाराणसी : राष्ट्रीय खेल दिवस पर शिक्षा संकाय में चंदन का पौधारोपण,सरक्षंण का संकल्प

वाराणसी, 29 अगस्त

। 'हॉकी के जादूगर' मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को शिक्षा संकाय, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में विभिन्न खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनके खेल के प्रति समर्पण तथा राष्ट्र के लिए उनके योगदान को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर का संदेश भी दिया गया। इसी क्रम में शिक्षा संकाय परिसर के वन्दे मातरम् उद्यान में चंदन के पौधों का रोपण किया गया। चंदन के पौधे अधिवक्ता विनोद वर्मा ने दान किए थे। उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान रेंजर राजकुमार ने शिक्षा संकाय परिसर का भ्रमण किया तथा खेल मैदान एवं शिव मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने खेल मैदान को विद्यार्थियों के लिए अधिक उपयोगी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए मैदान के समतलीकरण एवं पुनर्रूपांकन तथा परिसर के वृक्षों की आवश्यक छंटाई एवं पुनः आकार देने के संबंध में सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में संकायाध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार सिंह,प्रोफेसर आलोक गार्डिया, प्रोफेसर योगेंद्र पाण्डेय, प्रो. आर. एन. शर्मा, आरक्षाधिकारी डॉ. पंकज सिंह, प्रशासनिक संरक्षक (राजेंद्र प्रसाद हॉस्टल) डॉ. आकाश रंजन, प्रोफेसर संजय सोनकर तथा डॉ. मुदित पाण्डेय की भी उपस्थिति रही।