स्वच्छता पखवाड़ा : रेलवे स्टेशनों पर कचरे का होगा वैज्ञानिक निस्तारण

15 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, गीले-सूखे कचरे को अलग करने और कर्मचारियों को जागरूक करने पर जोर

स्वच्छता पखवाड़ा : रेलवे स्टेशनों पर कचरे का होगा वैज्ञानिक निस्तारण

प्रयागराज, 13 अक्टूबर । स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुपालन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 11 से 15 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, खानपान इकाइयों और रेलवे कॉलोनियों में कचरे के पृथक्करण तथा वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

अभियान के तहत रेलवे कर्मचारियों, ट्रेनों में सफाई करने वाले कर्मचारियों, खानपान कर्मियों, स्टेशन वेंडरों और ठेकेदारों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की जानकारी दी जा रही है। इसके लिए प्रशिक्षण सत्र, जागरूकता कार्यक्रम और बैठकों के माध्यम से कचरे के सही प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पोस्टर और सूचना सामग्री के जरिए भी नियमों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

कचरे को स्रोत पर ही अलग करने पर जोर

अभियान का प्रमुख उद्देश्य कचरा उत्पन्न होने के स्थान पर ही उसे अलग-अलग करना है। इसके तहत गीले, सूखे, सैनिटरी और विशेष देखभाल वाले कचरे के प्रबंधन की व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। स्टेशनों, ट्रेनों, पेंट्री और रेलवे कॉलोनियों में कचरा पृथक्करण की व्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है। सफाईकर्मियों और संबंधित कर्मचारियों को इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

कम्पोस्टिंग और प्लास्टिक निस्तारण की सुविधाओं की समीक्षा

अभियान के दौरान बड़े रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, कार्यशालाओं और बड़ी रेलवे कॉलोनियों में अधिक मात्रा में कचरा उत्पन्न होने की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। ऐसी इकाइयों की पहचान और पंजीकरण के साथ अधिकृत अपशिष्ट प्रसंस्करण एजेंसियों के साथ समन्वय की समीक्षा की जा रही है।

इसके अलावा कम्पोस्टिंग सुविधाओं, बायोगैस संयंत्रों, सामग्री पुनर्प्राप्ति केंद्रों और प्लास्टिक बोतल कुचलने वाली मशीनों की क्षमता एवं उपयोग का आकलन किया जा रहा है। जहां सुधार की जरूरत है, वहां आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया जा रहा है।

15 अक्टूबर तक तैयार होगी कार्ययोजना

प्रयागराज मंडल की विभिन्न इकाइयों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना को अद्यतन किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक कार्य की जिम्मेदारी निर्धारित करने और उसे पूरा करने की समय-सीमा तय करने पर जोर दिया जा रहा है। 15 अक्टूबर तक कार्ययोजना और नियमों के अनुपालन से संबंधित विवरण प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मंगलवार काे बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को रेलवे की नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कचरे को अलग-अलग करने, उसके वैज्ञानिक निस्तारण और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी। इस अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों और यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करना है।