प्रयागराज मंडल में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों की होगी विशेष सफाई, दो दिवसीय अभियान शुरू
स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत सोमवार से अभियान शुरू; यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छता के प्रति किया जा रहा जागरूक, मंगलवार को भी चलेगा अभियान।
प्रयागराज, 21 सितंबर । स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत प्रयागराज मंडल में साेमवार से दाे दिन के लिये विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। आज पहले दिन स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ पब्लिक’ थीम पर अभियान चलाकर रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया गया। अभियान के दौरान यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। मंगलवार काे भी ऐसा ही अभियान चलेगा।
प्रयागराज मंडल के सभी स्टेशनों पर सघन सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सूखे और गीले कचरे के लिए अलग-अलग कूड़ेदान के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। यात्रियों और दुकानदारों को कचरा निर्धारित कूड़ेदान में डालने तथा स्टेशन परिसर को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
‘स्वच्छ रेलगाड़ी’ अभियान के तहत अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की टीम महत्वपूर्ण ट्रेनों का विशेष निरीक्षण कर रही है। निरीक्षण के दौरान शौचालय, कोच के अंदर और बाहर की सफाई, लिनेन की गुणवत्ता तथा पेंट्री कार की स्वच्छता की जांच की जा रही है। कमियां मिलने पर उन्हें तत्काल दूर कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही स्टेशनों की नालियों और शौचालयों की विशेष सफाई कराई जा रही है।
रेलवे कार्यालयों में भी स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए ‘क्लीन डेस्क’, कम से कम प्रिंट और डिजिटल दस्तावेजीकरण को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है। बैठकों और कार्यालयीन गतिविधियों में एकल उपयोग वाली वस्तुओं के स्थान पर पुनः उपयोग किए जा सकने वाले कप और बोतलों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जनसंपर्क अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल अमित कुमार सिंह ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ का उद्देश्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं, बल्कि रेलवे परिसरों में स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था विकसित करना है। यात्रियों और रेलकर्मियों की सहभागिता से स्वच्छ एवं बेहतर रेलवे वातावरण तैयार किया जा सकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें, प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग न करें और स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल के संकल्प को सफल बनाने में सहयोग करें।