प्रयागराज में हत्या का 50 हजार का इनामी गिरफ्तार, आरोपी पर दर्ज हैं 19 मुकदमे
यूपी एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने हत्या के मामले में फरार चल रहे रवि पासी उर्फ हरिओम पासी को सिविल लाइंस स्थित एजी ऑफिस के पास से गिरफ्तार किया।
प्रयागराज, 22 सितंबर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने मंगलवार को हत्या मामले में फरार चल रहे पचास के इनामी आरोपित को सिविल लाइन स्थित एजीआफिस के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज नगर के धूमनगंज थाना क्षेत्र के नीवा गांव निवासी रवि पासी उर्फ हरिओम पासी है। उसके खिलाफ नवाबगंज थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। वारदात के बाद से वह फरार था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पचास हजार रुपये इनाम घोषित किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की विभिन्न टीमों और इकाइयों को लगाया गया था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 22 अगस्त 2025 को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर धूमनगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले रमेश सिंह और उदय सिंह के साथ मिलकर श्यामपुर में रहने वाले रमेश यादव का अपहरण किया था। इसके बाद फाफामऊ पुल के पास उसकी हत्या किए जाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, मृतक का शव बहरेलिया रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर रख दिया गया था। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी की तहरीर पर नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसटीएफ के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। रवि पासी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसे भी गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।