प्रयागराज मंडल में 31 रेलकर्मी सेवानिवृत्त, 13.20 करोड़ का भुगतान; सुरक्षित रेल संचालन के लिए 9 को सम्मान
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में सितंबर 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए 31 कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से 13.20 करोड़ रुपये से अधिक का समापन भुगतान किया गया। वहीं, सुरक्षित रेल परिचालन में योगदान देने वाले नौ कर्मचारियों को ‘एक्सीडेंट फ्री अवार्ड’ प्रदान किया गया।
प्रयागराज, 01 अक्टूबर । प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे में सितंबर 2026 के दौरान 31 रेल कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। इन कर्मचारियों के सम्मान में मंडल कार्यालय के सभागार में सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापन भुगतान से संबंधित आवश्यक प्रपत्र सौंपे और उनकी दीर्घ सेवा के लिए आभार जताते हुए स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सितंबर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नियमानुसार कुल 13 करोड़ 20 लाख 86 हजार 350 रुपये का समापन भुगतान डिजिटल माध्यम से किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।
सुरक्षित परिचालन में योगदान के लिए सम्मान
समारोह में सुरक्षित और संरक्षित रेल परिचालन में उत्कृष्ट योगदान के लिए नौ कर्मचारियों को ‘एक्सीडेंट फ्री अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मचारियों में अनिल कुमार और चंद्रशेखर, लोको पायलट (मेल/एक्सप्रेस), टूंडला; महेश कुमार, लोको पायलट (मेल/एक्सप्रेस), प्रयागराज छिवकी; रमेश के. श्रीवास्तव, ट्रैक्शन लोको कंट्रोलर, प्रयागराज; सत्य प्रकाश पांडेय, लोको पायलट (मेल/एक्सप्रेस), कानपुर; कुसमा देवी, पॉइंट्समैन-ए, कानपुर; मोहम्मद भोलू, पॉइंट्समैन-ए, इरादतगंज; राम सिंह, पॉइंट्समैन-ए, बिदनपुर और राम सिंह मीणा, स्टेशन अधीक्षक, प्रयागराज शामिल रहे।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल की सराहना की। सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी रूपेश कुमार सुमन ने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले देयकों, मानार्थ रेल पास, एचआरएमएस और यूएमआईडी से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी।
जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने गुरुवार काे बताया कि सेवानिवृत्ति समारोह का उद्देश्य कर्मचारियों के लंबे सेवाकाल के योगदान को सम्मान देना और सेवानिवृत्ति से संबंधित सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल परिचालन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को ‘एक्सीडेंट फ्री अवार्ड’ से सम्मानित करने से अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर और सतर्क कार्य के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
कार्मिक और लेखा विभाग के समन्वय से आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।