प्रयागराज : गौ-तस्करों और गौकशों के खिलाफ चले अभियान में चार अभियुक्त गिरफ्तार
गंगानगर जोन में 33 पुलिस टीमों ने चलाया विशेष सत्यापन अभियान। 72 संदिग्ध/पूर्व आरोपितों का सत्यापन किया गया, चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई।
प्रयागराज, 06 सितंबर । अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में गंगानगर जोन में गो-तस्करों और गौकशों के विरुद्ध विशेष गिरफ्तारी एवं सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 80 स्थानों पर दबिश दी।
सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में गंगानगर जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों की 33 पुलिस टीमों को लगाया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और पूर्व में गो-तस्करी अथवा गौकशी से जुड़े लोगों का सत्यापन किया। इस दौरान 72 अभियुक्तों का सत्यापन किया गया, जबकि चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने रविवार काे बताया कि “गो-तस्करी और गौकशी जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों का लगातार सत्यापन किया जा रहा है। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आमजन की सुरक्षा और क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।” उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।