विवादित पोस्टर लगाकर सपा की छवि खराब करने का प्रयास: दान बहादुर मधुर

प्रयागराज में कई प्रमुख स्थानों पर पोस्टर लगाए जाने पर सपा नेताओं ने जताया आक्रोश, पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर कार्रवाई की मांग।

विवादित पोस्टर लगाकर सपा की छवि खराब करने का प्रयास: दान बहादुर मधुर

प्रयागराज, 21 सितंबर । शहर के प्रमुख स्थानों पर रविवार रात लगाए गए विवादित पोस्टरों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। सपा प्रवक्ता दान बहादुर सिंह मधुर ने कहा कि पार्टी की छवि खराब करने के लिए इस तरह का घटिया प्रदर्शन किया जा रहा है। राजनीति में व्यक्तिगत आरोपों और बदनाम करने वाले पोस्टरों के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की।

दान बहादुर मधुर ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर कोई आरोप है तो उसके लिए कानून और न्यायालय की प्रक्रिया निर्धारित है। पोस्टर लगाकर किसी की छवि खराब करना लोकतांत्रिक राजनीति का तरीका नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रामक और आपत्तिजनक प्रचार से जनता के वास्तविक मुद्दों को दबाया नहीं जा सकता।

सपा एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तिखार हुसैन और प्रवक्ता दान बहादुर सिंह मधुर ने कहा कि राजनीति करनी है तो देश और प्रदेश के ढांचागत विकास, किसानों की आय, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी छात्रों के आंदोलनों, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और अन्य जनसमस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए। नेताओं ने कहा कि व्यक्तिगत आरोपों और पोस्टरबाजी के पीछे छिपकर जनता के सवालों से बचने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।



सपा प्रवक्ता के अनुसार रविवार रात शहर के सुभाष चौराहा, सिविल लाइंस बस अड्डे के सामने, मेडिकल चौराहा, नाजरेथ अस्पताल के सामने और केपीयूसी विश्वविद्यालय के पास विवादित पोस्टर लगाए गए थे। इसकी जानकारी मिलने पर छात्र नेता ज्ञानेंद्र यादव पार्थ, गोविंद मिश्रा, अखिलेश प्रजापति समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों से पोस्टर हटा दिए।

सपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाने की अनुमति किसने दी और इन्हें लगाने वाले कौन लोग हैं, इसकी जांच कराई जाए। साथ ही जिम्मेदार लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।