पॉली हाउस से बदली खेती की तस्वीर, किसानों की बढ़ी आमदनी
शिमला मिर्च, खीरा, मशरूम के साथ गुलाब-जरबेरा की खेती को मिल रहा बढ़ावा
मीरजापुर, 17 अगस्त । बदलते मौसम और खेती की बढ़ती लागत के बीच मीरजापुर के किसानों का रुझान संरक्षित खेती की ओर बढ़ रहा है। योगी सरकार की पॉली हाउस योजना के तहत मिलने वाले अनुदान से किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर शिमला मिर्च, खीरा, मशरूम, गुलाब और जरबेरा जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। जिले में वर्तमान में करीब 75 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में पॉली हाउस तकनीक से खेती की जा रही है।
जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने बताया कि पॉली हाउस में फसलों को प्रतिकूल मौसम से बचाकर नियंत्रित वातावरण में उत्पादन किया जा सकता है। इससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाली फसल तैयार करने में मदद मिलती है और बाजार में अच्छी कीमत मिलने की संभावना रहती है। फूलों की खेती करने वाले किसान भी पॉली हाउस तकनीक का लाभ उठा रहे हैं।
50 प्रतिशत तक मिल रहा अनुदान
एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत पॉली हाउस निर्माण की लागत पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इससे किसानों पर शुरुआती आर्थिक बोझ कम होता है। विभाग की ओर से योजना की जानकारी के साथ तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। जिले में संरक्षित खेती का क्षेत्रफल बढ़ाकर एक लाख वर्ग मीटर करने का लक्ष्य रखा गया है।
एक नजर में पॉली हाउस योजनाः
वर्तमान में करीब 75 हजार वर्ग मीटर में संरक्षित खेती
लक्ष्य एक लाख वर्ग मीटर क्षेत्रफल तक विस्तार
निर्माण लागत पर 50 प्रतिशत तक अनुदान
शिमला मिर्च, खीरा और मशरूम की खेती
गुलाब और जरबेरा जैसे फूलों का उत्पादन
किसानों को योजना के साथ तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध