भाजपा सरकार ने किया पीडीए आरक्षण में घोटाला : अखिलेश यादव

69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले का आरोप

भाजपा सरकार ने किया पीडीए आरक्षण में घोटाला : अखिलेश यादव

लखनऊ, 24 मई । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) आरक्षण में घोटाला किया है। भाजपा पीडीए का आरक्षण खा गयी। 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़े वर्गों को 27 फीसदी आरक्षण के बजाए सिर्फ 3.80 फीसदी आरक्षण मिला। एससी वर्ग को 21 फीसदी आरक्षण की जगह 16.2 फीसदी आरक्षण मिला। भाजपा सरकार ने पिछड़े, दलितों के आरक्षण की लूट की है। भाजपा निजीकरण करके आरक्षण को समाप्त करने की साजिश कर रही है। युवा पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

अखिलेश यादव शनिवार को प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर थे। उन्होंने कहा कि सुविधा, सम्मान, आरक्षण और सामाजिक न्याय का राज समाजवादी पार्टी की सरकार में ही सम्भव है।


अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की स्थापना का लक्ष्य ही तमाम तरह की विशमता को मिटाना है। भाजपा की आर्थिक नीतियों से विषमता बढ़ी थी। भाजपा ने अमीरी-गरीबी की खाई को बढ़ाकर आर्थिकी केन्द्रीकृत किया। यह भ्रष्टाचार का तरीका है। भारत की आर्थिक ताकत कुछ हाथों में संग्रहित की जा रही है। महंगाई से आम जन तबाह है।

देश के करोड़ों बेरोजगारों को कोई पूछने वाला नहीं है। भाजपा सरकार जनता के लिए नहीं बड़े उद्योगपति और पूंजीपतियों के हित में काम करती है। भाजपा ने चंद पूंजीपतियों के लिए किसानों की किस्मत गिरवी रख दी है। भाजपा गरीबों, किसानों के लिए काम नहीं करती है बल्कि भाजपा गरीबों और किसानों की दुश्मन है।



सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2027 के चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के सभी नेताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और बूथ प्रहरी सतर्क रहें। भाजपा अभी भी मतदाता सूची में हेराफेरी की साजिश कर सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की भाषा व्यवहार ऐसा हो जिससे किसी को शिकायत का मौका न मिल सके। भाजपा का एजेंडा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने का है। भाजपा समाजवादी पार्टी पर झूठे आरोप लगाएगी। जनता को भ्रमित करेगी लेकिन इस बार भाजपा की कोई चाल सफल नहीं होगी।



अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सबको साथ लेकर चलती है। पार्टी दूसरे के दुःख को अपना दुःख समझती है। दुखों का समाधान वही कर सकता है जो दुख और पीड़ा समझता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का रास्ता विकास का रास्ता है। समाजवादी पार्टी की सरकार ने यूपी को विकास का रास्ता दिखाया था। जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी और पार्टी नेतृत्व पर है। जनता सपा के साथ है। 2027 समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी एवं अन्य पार्टी नेतागण मौजूद रहे।