नोएडा में साइबर ठगों का बड़ा वार, पांच लोगों से करीब ₹34 लाख की ठगी

डॉक्टर की अपॉइंटमेंट, शेयर ट्रेडिंग, फर्जी बैंक कॉल और परिचित बनकर साइबर अपराधियों ने अलग-अलग वारदातों को दिया अंजाम

नोएडा में साइबर ठगों का बड़ा वार, पांच लोगों से करीब ₹34 लाख की ठगी

नोएडा, 05 नवंबर। नोएडा के विभिन्न जगहों पर रहने वाले पांच लोगों को साइबर अपराधियों ने अपना शिकार बनाया। साइबर ठगों ने किसी को डॉक्टर से अपॉइंटमेंट दिलवाने, किसी को शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करवाने तथा किसी को खुद का परिचित बताकर घटना को अंजाम दिया।

पुलिस उपायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि विजेंद्र सिंह पुत्र गिरधारी निवासी ग्रेटर नोएडा ने आज सुबह को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उन्होंने नवीन हॉस्पिटल से डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए ऑनलाइन नंबर सर्च कर बात किया। इसके बाद उन्हें व्हाट्सएप पर एक मैसेज भेजा गया , तथा डॉक्टर की अपॉइंटमेंट के लिए उनसे एक ऐप डाउनलोड करवाया गया। पीड़ित के अनुसार जैसे ही उन्होंने ऐप डाउनलोड किया साइबर अपराधियों ने उनके खाते को हैक कर लिया और सात बार में कुल 6 लाख 21 हजार 693 रुपये उनके खाते से अपने विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लिया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डीसीपी ने बताया कि एक अन्य मामले में वी शंकरन ने आज सुबह को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह हाइड पार्क सोसायटी सेक्टर 78 नोएडा में रहते हैं। उनके अनुसार वह रिटायर्ड व्यक्ति हैं। अपने चिकित्सा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वह अपनी बचत और पेंशन पर निर्भर हैं। पीड़ित के अनुसार 2 नवंबर 2026 को शाम के समय उनके रजिस्टर्ड मोबाइल पर तेजी से एक के बाद एक एसएमएस अलर्ट मिलने लगे। जिसमें उनके बैंक अकाउंट से भारी मात्रा में पैसे निकालने की जानकारी हुई। पीड़ित के अनुसार ना तो उन्होंने किसी को अपना ओटीपी नंबर दिया और ना ही अपने बैंक की जानकारी दी। उनके इजाजत के बिना नॉन बैंकिंग कंपनियों से उनके नाम से लोन लिया गया। जैसे ही लोन की रकम उनके खाते में आई साइबर अपराधियों ने उस रकम को अपने विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लिया। पीड़ित के अनुसार आरोपिताें ने उनके खाते से विभिन्न बार में 8 लाख 88 हजार 387 रुपया ट्रांसफर कर लिया। डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डीसीपी ने बताया कि अच्छेजा गांव के कन्हा रेजिडेंसी कॉलोनी में अभिषेक धर परिवार के साथ रहते हैं। 12 अक्तूबर को उन्हें अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एक बैंक का प्रतिनिधि बताया। उसने कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड से स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी की ईएमआई 2000 रुपये कटेगी। बाद में उसी दिन शाम को अभिषेक को ओटीपी प्राप्त हुए।उनके बैंक क्रेडिट कार्ड से चार लेनदेन में 4 लाख 3 तीन हजार 760 रुपये निकल गए। अभिषेक धर ने कोई ओटीपी या क्रेडिट कार्ड विवरण साझा नहीं किया था। उन्होंने बताया कि बीती रात को पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस उपायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि जितेश वैष्णव ने बीती रात को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह ग्रेटर नोएडा स्थित एक सोसाइटी में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार अज्ञात साइबर अपराधियों ने 12 अक्टूबर को उनसे संपर्क किया तथा शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। पीड़ित के अनुसार वह उनकी बातों में आ गए तथा उनके बताए हुए विभिन्न खातों में विभिन्न बार में 8,35,000 रूपये ट्रांसफर कर दिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार उन्हें अपनी रकम बढी हुई दिखाई दे रही थी, लेकिन जब उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो साइबर अपराधियों ने और रकम जमा करने के लिए कहा। उसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ तथा उन्होंने बीती रात को घटना की रिपोर्ट साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई है।

उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में पूनम शर्मा ने बीती रात को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक व्यक्ति ने उनसे फोन पर बात किया। वह उनका परिचित बनकर बात किया। उसने उन्हे अपनी बातों में फंसाकर 6,45,774 रूपए अपने खाते में डलवा लिया , तथा धोखाधड़ी करके उनकी रकम हड़प ली। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।