त्योहारों पर यात्रियों को बड़ी राहत, उत्तर मध्य रेलवे चलाएगा 13 स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे; प्रयागराज से गुजरात-मुंबई तक बढ़ेगी सुविधा

दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने 13 विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। प्रयागराज, सूबेदारगंज, कानपुर और झांसी से मुंबई, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

त्योहारों पर यात्रियों को बड़ी राहत, उत्तर मध्य रेलवे चलाएगा 13 स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे; प्रयागराज से गुजरात-मुंबई तक बढ़ेगी सुविधा

प्रयागराज, 11 सितंबर। आगामी दुर्गा पूजा और त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे प्रयागराज, सूबेदारगंज, कानपुर और झांसी से गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार अतिरिक्त फेरों से ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में भी सहूलियत होगी।



उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने शुक्रवार काे बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 13 विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरों का संचालन किया जाएगा। इनमें कानपुर सेंट्रल-असारवा, आगरा कैंट-उधना, असारवा-आगरा कैंट, झांसी-बांद्रा टर्मिनस, प्रयागराज-उधना, प्रयागराज-साबरमती, सूबेदारगंज-वलसाड, प्रयागराज-दादर, सूबेदारगंज-उधना, सूबेदारगंज-दादर, सूबेदारगंज-वलसाड, सूबेदारगंज-इंदौर और प्रयागराज-वेरावल विशेष ट्रेनें शामिल हैं।

प्रयागराज से इन शहरों के लिए बढ़े फेरे

गाड़ी संख्या 04105/04106 प्रयागराज-उधना-प्रयागराज विशेष ट्रेन एक अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रयागराज से प्रत्येक गुरुवार और रविवार तथा उधना से दो अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में कुल 18-18 फेरे होंगे।

गाड़ी संख्या 04179/04180 प्रयागराज-साबरमती-प्रयागराज द्वि-साप्ताहिक विशेष ट्रेन तीन अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रयागराज से प्रत्येक मंगलवार और शनिवार तथा साबरमती से चार अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और रविवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में 17-17 फेरे निर्धारित किए गए हैं। गाड़ी संख्या 04139/04140 प्रयागराज-दादर-प्रयागराज विशेष ट्रेन दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रयागराज से प्रत्येक शुक्रवार और दादर से चार अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में नौ-नौ फेरे होंगे। वहीं, गाड़ी संख्या 04173/04174 प्रयागराज-वेरावल-प्रयागराज विशेष ट्रेन एक अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और वेरावल से दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। इसके भी नौ-नौ फेरे होंगे।

सूबेदारगंज से भी कई प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें सूबेदारगंज-वलसाड, सूबेदारगंज-उधना, सूबेदारगंज-दादर और सूबेदारगंज-इंदौर की विशेष ट्रेनें शामिल हैं। इससे त्योहारों के दौरान प्रयागराज और आसपास के यात्रियों को मुंबई, गुजरात और मध्य प्रदेश की ओर जाने में सुविधा मिलेगी।

04111/04112 का गंतव्य अब साबरमती

रेल प्रशासन ने गाड़ी संख्या 04111/04112 प्रयागराज-गांधीग्राम-प्रयागराज द्वि-साप्ताहिक विशेष ट्रेन के गंतव्य स्टेशन में भी बदलाव किया है। परिचालनिक कारणों से अब इसका गंतव्य गांधीग्राम के स्थान पर साबरमती कर दिया गया है। यह ट्रेन अब 04179/04180 प्रयागराज-साबरमती-प्रयागराज विशेष ट्रेन के रूप में संचालित होगी। प्रयागराज से इसका संचालन तीन अक्टूबर और साबरमती से चार अक्टूबर से होगा। इसके समय और ठहराव पुराने 04111/04112 के समान रहेंगे। इसके अलावा गाड़ी संख्या 01906 असारवा-कानपुर सेंट्रल विशेष ट्रेन के समय में भी संशोधन किया गया है। छह अक्टूबर से टूंडला पर इसका समय 3:50 से 3:55 बजे, फिरोजाबाद में 4:20 से 4:22 बजे और इटावा में 5:10 से 5:12 बजे रहेगा। कानपुर सेंट्रल यह ट्रेन सुबह सात बजे पहुंचेगी।

अमित मालवीय ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। इससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और प्रमुख मार्गों पर सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी। यात्रियों से अपील है कि वे अपनी यात्रा की योजना समय से बनाकर आरक्षण कराएं और ट्रेन के समय व ठहराव की जानकारी यात्रा से पहले अवश्य जांच लें।