एसटीएफ व मड़िहान पुलिस ने तस्कर दबोचा 2-20 करोड़ रुपये का गांजा बरामद
एसटीएफ व मड़िहान पुलिस ने तस्कर दबोचा, 2.20 करोड़ रुपये का गांजा बरामद
मीरजापुर, 26 जून । मड़िहान पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.20 करोड़ रुपये कीमत का 4.39 क्विंटल अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एक अंतरजनपदीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त ट्रक कंटेनर भी कब्जे में ले लिया। यह जानकारी मीडिया काे प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र भूषण मौर्य ने शुक्रवार काे दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में गुरुवार देर रात मुखबिर की सूचना पर मड़िहान क्षेत्र में ट्रक कंटेनर (यूपी-72 एटी-5969) की घेराबंदी कर तलाशी ली गई। ट्रक में छिपाकर रखा गया 4 क्विंटल 39 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपित ने अपना नाम अमरजीत यादव उर्फ पहलवान, निवासी जबरेला, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर तथा वर्तमान पता गुना (मध्य प्रदेश) बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा के रायगढ़ा से लाकर प्रयागराज और आसपास के जनपदों में सप्लाई करने जा रहा था। तस्करी से मिलने वाली रकम से वह भौतिक सुख-सुविधाएं जुटाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मड़िहान रविन्द्र भूषण मौर्य की टीम तथा एसटीएफ प्रयागराज के उपनिरीक्षक रणेंद्र कुमार सिंह की टीम शामिल रही।