रबी फसलों के बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, किसान जल्द कराएं पंजीकरण

- मिनी किट और 50 फीसदी अनुदान का मिलेगा लाभ, ई-लॉटरी से होगा चयन

रबी फसलों के बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, किसान जल्द कराएं पंजीकरण

मीरजापुर, 04 अगस्त । रबी मौसम 2026-27 के लिए किसानों को निःशुल्क मिनी किट एवं अनुदानित बीज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सहायक विकास अधिकारी (कृषि) नरेंद्र कानापुरिया ने मंगलवार को हलिया विकास क्षेत्र के किसानों से समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण एवं बीज बुकिंग कराने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि रबी सीजन के लिए तोरिया, सरसों, अलसी, चना, मटर, मसूर, गेहूं और जौ सहित विभिन्न फसलों के बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। बुकिंग के बाद ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को राजकीय कृषि बीज गोदाम हलिया से बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।

एडीओ (कृषि) ने बताया कि निःशुल्क मिनी किट, सामान्य बीज और 50 प्रतिशत अनुदान पर मिलने वाले बीजों का लाभ लेने के लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। उन्होंने किसानों से पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर जल्द बुकिंग कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर पंजीकरण से गुणवत्तापूर्ण प्रमाणित बीज उपलब्ध होंगे और रबी फसलों की बेहतर उपज सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।