बाढ़ की वजह से मंदिर नहीं पहुंच सके भक्त तो नदी किनारे शिवलिंग स्थापित कर की पूजा
-अदवा बांध से पानी छोड़े जाने से मंदिर मार्ग का रपटा डूबा, नदी के दोनों छोर पर दिनभर लगी रही भीड़
मीरजापुर, 17 अगस्त। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में सावन के सोमवार को हलिया क्षेत्र स्थित कोटारनाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़े लेकिन अदवा बांध से नदी में पानी छोड़े जाने के कारण उन्हें मंदिर तक पहुंचने के लिए घंटों पानी घटने का इंतजार करना पड़ा। अदवा नदी के बीच टीले पर स्थित मंदिर चारों तरफ से पानी से घिरा रहा, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी गई।
सोमवार सुबह से ही नदी के दोनों छोर पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में लोग भगवान कोटारनाथ का दर्शन करने पहुंचे थे। श्रद्धालु गंगा जल लेकर जलाभिषेक के लिए मंदिर जाना चाहते थे। मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर स्थित रपटा पानी में डूबा होने के कारण आगे नहीं बढ़ सके।
नदी के दोनों ओर श्रद्धालु पानी कम होने की उम्मीद में घंटों डटे रहे। देखते ही देखते दोनों छोर पर श्रद्धालुओं का हुजूम जमा हो गया। कई लोग परिवार के साथ वापस लौटने को मजबूर हुए, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु पानी घटने की प्रतीक्षा करते रहे। सावन में कोटारनाथ महादेव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। मंदिर नदी के बीच टीले पर स्थित होने के कारण जलस्तर बढ़ने पर यहां पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
सिंचाई विभाग के एसडीओ अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि अदवा नदी में अभी भी विभिन्न नदियों का पानी लगातार आ रहा है। जलस्तर को देखते हुए फिलहाल बांध के गेट बंद नहीं किए जाएंगे। प्रशासन और सिंचाई विभाग की निगरानी के बीच श्रद्धालु पानी घटने का इंतजार करते रहे।
श्रद्धालु मंदिर तक नहीं पहुंच सके तो उन्होंने उत्तर दिशा में सोठिया और दक्षिण में कोटार घाट के पास नदी किनारे भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित कर माला-फूल, भांग, धतूरा और दूध चढ़ाकर जलाभिषेक किया तथा आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारी जयराम गिरि ने बताया कि नदी में उफान के कारण भक्त मंदिर तक नहीं पहुंच सके। इसलिए नदी किनारे ही भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।