-बारिश में जलभराव से कामकाज प्रभावित, दूसरे कमरे में बैठकर काम करने को मजबूर कर्मचारी

-बारिश में जलभराव से कामकाज प्रभावित, दूसरे कमरे में बैठकर काम करने को मजबूर कर्मचारी

-बारिश में जलभराव से कामकाज प्रभावित, दूसरे कमरे में बैठकर काम करने को मजबूर कर्मचारी

मीरजापुर, 17 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में हलिया ब्लॉक स्थित एडीओ पंचायत कार्यालय की बदहाल स्थिति बारिश में सामने आ गई है। कार्यालय की छत से लगातार पानी टपकने के कारण कमरों में जलभराव हो गया है। महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों को भीगने से बचाने के लिए उन्हें प्लास्टिक की पन्नियों से ढकना पड़ा है। पानी टपकने के बीच कर्मचारी किसी तरह जरूरी काम निपटाने में जुटे हुए हैं।

करीब तीन वर्ष पूर्व एडीओ पंचायत कार्यालय में मरम्मत कार्य कराया गया था। इसके बावजूद बारिश शुरू होते ही छत से पानी टपकने लगा। कार्यालय के अंदर कई स्थानों पर पानी जमा होने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। कर्मचारियों को आवश्यक कार्य के लिए दूसरे कमरों में बैठना पड़ रहा है।

कर्मचारियों का कहना है कि छत से पानी टपकने के कारण अभिलेखों के खराब होने का खतरा बना हुआ है। वहीं जर्जर छत के नीचे बैठकर काम करना कर्मचारियों के लिए जोखिम भरा है। यदि छत का कोई हिस्सा अचानक गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने समस्या के स्थायी समाधान की जरूरत बताई। बारिश के दौरान कार्यालय में काम करने में काफी परेशानी हो रही है और जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रखना भी चुनौती बना हुआ है।

एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यालय की मरम्मत के लिए फिलहाल धन उपलब्ध नहीं है। इस कारण मरम्मत का कार्य नहीं हो सका है। धन उपलब्ध होते ही मरम्मत कार्य कराया जाएगा। तब तक आवश्यक सरकारी कार्य दूसरे कमरे में स्थानांतरित कर कराया जाएगा।