मनोज पटेल का बयान: पंचायतों को अधिकार और स्वायत्तता दिलाना संगठन का मुख्य लक्ष्य
प्रयागराज में कांग्रेस के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने ग्रामसभा को मजबूत करने और ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर
प्रयागराज, 21 सितंबर । पंचायतों को अधिकार, संसाधन और स्वायत्तता दिलाना संगठन का मुख्य लक्ष्य है। उक्त बात सोमवार को प्रयागराज के इलाहाबाद न्यूज रिपोर्टर क्लब के सभागार में मीडिया से वार्ता करते हुए कांग्रेस पार्टी के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनोज पटेल ने कही।
उन्होंने कहा कि मजबूत पंचायतें ही सशक्त ग्रामीण लोकतंत्र की बुनियाद हैं। ग्रामसभा को मजबूत किए बिना लोकतंत्र को जमीनी स्तर पर प्रभावी नहीं बनाया जा सकता। लोकतंत्र की वास्तविक ताकत गांवों में है। जब ग्रामसभा मजबूत होगी, ग्रामीण अपने विकास से जुड़े निर्णयों में सक्रिय भागीदारी करेंगे और पंचायतों को पर्याप्त अधिकार मिलेंगे, तभी लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पंचायतों की समस्याओं को उठाना नहीं है, बल्कि उन्हें वास्तविक अधिकार, आवश्यक संसाधन और स्वायत्तता दिलाने के लिए लगातार आवाज उठाना है।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ग्रामसभा को निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी दी जानी चाहिए। पंचायतों को अपने क्षेत्र के विकास कार्यों की योजना बनाने और उन्हें लागू करने के लिए पर्याप्त अधिकार तथा संसाधन उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है। इससे गांवों में विकास कार्यों को स्थानीय जरूरतों के अनुसार गति दी जा सकेगी।
मनोज पटेल ने बताया कि प्रयागराज से छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले समीर सिंह लोकमत पार्टी, कांग्रेस युवाजन सभा और पूर्वांचल विकास पार्टी सक्रिय राजनीति से जुड़े रहे। अब वह कांग्रेस की विचारधारा से जुड़कर उसके सिद्धांतों और नीतियों के प्रचार-प्रसार में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से लोकतांत्रिक व्यवस्था को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन ग्रामसभाओं को जागरूक करने, ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने और पंचायतों को उनके अधिकार दिलाने के लिए अभियान चलाएगा। इस मौके पर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष और समीर सिंह, अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।