केशव प्रसाद मौर्य का प्रयागराज दौरा: 8.89 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, विकसित भारत-जी राम जी योजना पर जोर

केशव प्रसाद मौर्य बोले- विकसित भारत-जी राम जी योजना से बदलेगी गांवों की तस्वीर और तकदीर

केशव प्रसाद मौर्य का प्रयागराज दौरा: 8.89 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, विकसित भारत-जी राम जी योजना पर जोर

प्रयागराज, 26 जुलाई । विकसित भारत-जी राम जी योजना से गांव की तस्वीर के साथ ही वहां रहने वाले लोगों की तकदीर भी बदलेगी। यह बातें रविवार को तहसील सोरांव के ग्राम पुरुषोत्तमपुर उर्फ गारापुर में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का लक्ष्य हर गरीब को सशक्त बनाना, किसानों की आय बढ़ाना, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करना है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।

रविवार को तहसील सोरांव के ग्राम पुरुषोत्तमपुर उर्फ गारापुर में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने अमृत सरोवर परिसर में स्थापित महात्मा बुद्ध, भगवान परशुराम, महाराणा प्रताप, सरदार वल्लभभाई पटेल और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं तथा अशोक स्तंभ का अनावरण किया। उन्होंने परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 3 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का बटन दबाकर शिलान्यास किया। मंच से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आवास की चाबी और डेमो चेक वितरित किए। उन्होंने दो बच्चों का अन्नप्राशन तथा दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई। साथ ही अमृत सरोवर एवं नवनिर्मित विकास खंड परिसर में पौधरोपण भी किया।

अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, किसानों की आय बढ़ाने तथा महिलाओं और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि देश में अब तक 3 करोड़ महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं और भविष्य में इस संख्या को 6 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही महिला क्रेडिट कार्ड उद्यमी योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को 20 हजार रुपये तक की क्रेडिट सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों को पक्का आवास, मुफ्त राशन, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना, बिजली कनेक्शन और डीबीटी के माध्यम से पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में उपमुख्यमंत्री ने 5 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से निर्मित सृजित विकास खंड सहसों कार्यालय के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 8 करोड़ 73 लाख रुपये तथा 2 करोड़ 24 लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपी गईं।

इस अवसर पर विधायक दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, गंगापार भाजपा अध्यक्ष निर्मला पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष कविता पटेल, ब्लॉक प्रमुख गीता सिंह, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उपायुक्त स्वरोजगार, खंड विकास अधिकारी सहसों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।