काशी तमिल संगमम 5.0 में शामिल होने वाराणसी पहुंचे केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, 12 दिन चलेंगी सांस्कृतिक गतिविधियां

काशी तमिल संगमम 5.0 में शामिल होने वाराणसी पहुंचे केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, 12 दिन चलेंगी सांस्कृतिक गतिविधियां

काशी तमिल संगमम 5.0 में शामिल होने वाराणसी पहुंचे केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, 12 दिन चलेंगी सांस्कृतिक गतिविधियां

वाराणसी, 29 नवंबर। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण में शामिल होने के लिए केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत रविवार को वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से नागेश्वर पाण्डेय, अमित प्रकाश चौबे और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं एयरपोर्ट प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। एयरपोर्ट से केंद्रीय मंत्री शहर के लिए रवाना हो गए।

इधर, काशी तमिल संगमम में भाग लेने के लिए तमिलनाडु से 200 से अधिक प्रतिनिधियों का दूसरा दल विशेष ट्रेन से वाराणसी आ रहा है। शिक्षकों सहित इस दल ने डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू की। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन रविवार रात आठ बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। यात्रा के दौरान ट्रेन नेल्लोर, ओंगोल, विजयवाड़ा जंक्शन, वारंगल, मंचेरियल, सिरपुर कागजनगर, बल्हारशाह, गोंदिया जंक्शन, नैनपुर जंक्शन, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर जंक्शन और प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन पर ठहराव करेगी।

वाराणसी प्रवास के दौरान प्रतिनिधि विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षिक और ज्ञान-विनिमय गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इसके माध्यम से उन्हें काशी और तमिलनाडु के बीच ऐतिहासिक, आध्यात्मिक एवं सभ्यतागत संबंधों को करीब से जानने-समझने का अवसर मिलेगा। आयोजन में विलुप्पाट्टू, भरतनाट्यम, लोक नृत्य और कलियाट्टम जैसी पारंपरिक कला विधाओं के माध्यम से तमिलनाडु की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी।

गौरतलब है कि काशी तमिल संगमम 5.0 का उद्घाटन शनिवार को वाराणसी के नमोघाट पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। 12 दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों से चले आ रहे सांस्कृतिक, भाषाई और सभ्यतागत संबंधों को नई मजबूती प्रदान करना है।

इस वर्ष संगमम की थीम 'तिरुक्कुरल पढ़ें–तिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है। इसके माध्यम से महान तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल में निहित शाश्वत नैतिक, सामाजिक और दार्शनिक शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आयोजन में तमिलनाडु से 1,400 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।