सीएसए परिसर में बन रहा मेट्रो डिपो, वर्कशॉप 99 फीसदी तैयार : सुशील कुमार
सीएसए परिसर में बन रहा मेट्रो डिपो, वर्कशॉप 99 फीसदी तैयार : सुशील कुमार
कानपुर, 13 अगस्त । चंद्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) परिसर में बन रहे कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के डिपो का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। डिपो में मेट्रो ट्रेनों के रखरखाव के लिए तैयार की जा रही वर्कशॉप करीब 99 फीसदी पूरी हो चुकी है। वर्कशॉप की छत के लिए प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग संरचना लगाने का काम भी पूरा कर लिया गया है। यह जानकारी गुरुवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ( यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि डिपो का निर्माण विभिन्न विभागों के समन्वय से समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है। वर्कशॉप की छत पर लगाई गई संरचना पर्यावरण और लागत दोनों के लिहाज से उपयोगी है। डिपो में मेट्रो के विभिन्न उपकरणों के रखरखाव के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
वर्कशॉप में मेट्रो ट्रेनों के नियमित निरीक्षण और तकनीकी जांच के लिए दो निरीक्षण लाइन बनाई गई हैं। इसके अलावा रखरखाव और मरम्मत के लिए दो वर्कशॉप लाइन तैयार की गई हैं। इन चार लाइनों के जरिए ट्रेनों से जुड़े अलग-अलग रखरखाव कार्य किए जाएंगे।
करीब 15 मीटर ऊंचे, 153 मीटर लंबे और 33 मीटर चौड़े वर्कशॉप भवन की छत के लिए प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग संरचना लगाने का काम पूरा हो गया है। इसमें बीच में पिलर लगाए बिना बड़े क्षेत्र को ढकने की सुविधा है। संरचना में पारदर्शी शीट का इस्तेमाल किया गया है, जिससे दिन में प्राकृतिक रोशनी उपलब्ध होगी और बिजली की खपत कम होगी।
आगे बताया कि डिपो में पिट व्हील लेथ की स्थापना भी पूरी हो चुकी है। डिपो को शून्य अपशिष्ट बहाव की व्यवस्था के आधार पर विकसित किया जा रहा है। इसमें जल संरक्षण के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।