किड्स बैकर्स में शॉर्ट सर्किट से आग, 10 लाख का बेकरी का सामान जलकर राख
किड्स बैकर्स में शॉर्ट सर्किट से आग, 10 लाख का बेकरी का सामान जलकर राख
जौनपुर,18 अगस्त । यूपी के जौनपुर में पुलिस लाइन के सामने स्थित किड्स बैकर्स में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से बेकरी में रखा करीब 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार ने दुकान में रखे अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया । सूचना मिलते मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बेकरी के मालिक जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक बिजली का तार जलकर नीचे गिरा, जिससे आग लग गई। उस समय बेकरी में तीन लोग मौजूद थे। उन्होंने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बेकरी में प्लास्टिक का सामान अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कर्मचारियों के प्रयास के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
उन्होंने बताया यदि फायर ब्रिगेड की टीम और जल्दी पहुंच जाती तो नुकसान को कम किया जा सकता था। वहीं इस मामले में जानकारी देते हुए सीएफओ आरपी राय ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आ रहा है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।------------