पूर्व जिला अध्यक्षों के अनुभव से मजबूत होगा संगठन, हारी सीटों पर बढ़ाएं सक्रियता : जगदीश ईश्वर भाई पटेल

पूर्व जिला अध्यक्षों के अनुभव से मजबूत होगा संगठन, हारी सीटों पर बढ़ाएं सक्रियता : जगदीश ईश्वर भाई पटेल

पूर्व जिला अध्यक्षों के अनुभव से मजबूत होगा संगठन, हारी सीटों पर बढ़ाएं सक्रियता : जगदीश ईश्वर भाई पटेल

कानपुर, 12 अक्टूबर)। संगठन के अनुभवी पदाधिकारियों के अनुभव और सुझावों को वर्तमान कार्ययोजना का हिस्सा बनाया जाए। जनप्रतिनिधि अपने विधानसभा क्षेत्रों में नियमित प्रवास कर जनता से संवाद बढ़ाएं और लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर पार्टी को हार मिली थी, वहां संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास करें। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश ईश्वर भाई पटेल ने सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय में हुई बैठकों में यह बात कही।

कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण, कानपुर ग्रामीण और कानपुर देहात के पूर्व जिला अध्यक्षों व पूर्व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। पटेल ने कहा कि पद बदलने के बाद भी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव संगठन के लिए उपयोगी रहता है। उनके सुझावों और कार्यशैली से वर्तमान जिला टीम को लाभ मिल सकता है। इसके लिए सभी वरिष्ठ पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएं और संगठन के कामकाज में सहयोग करें।

जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में पटेल ने विधानसभा क्षेत्रों में नियमित प्रवास करने, लोगों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए पहल करने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और संगठन व जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जिन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को सफलता नहीं मिली, वहां संगठन की स्थिति का आकलन कर कमियों को दूर किया जाए। इन क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करने और आम लोगों तक पहुंच बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। बैठकों में संगठन के अनुभवी नेताओं के मार्गदर्शन का लाभ लेने और आगामी गतिविधियों को बेहतर तालमेल के साथ संचालित करने पर चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी, सांसद रमेश अवस्थी, मंत्री राकेश सचान, अजीत पाल, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक महेश त्रिवेदी, सलिल विश्नोई, सुरेंद्र मैथानी, अविनाश चौहान, राहुल बच्चा सोनकर, पूर्व अध्यक्ष सुनील बजाज, दीपू पांडेय, डॉ. वीना आर्या, राकेश तिवारी, राहुल अग्निहोत्री, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी डॉ. संजय सिंह और आनंद राजपाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।