चेन स्नेचिंग के दो आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, आरक्षी घायल
चेन स्नेचिंग के दो आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, आरक्षी घायल
गोरखपुर, 17 अगस्त। उत्तर प्रदेश में गाेरखपुर जिले के कैंट थाना क्षेत्र में रविवार देर रात काे मुठभेड़ में दाे बदमाशाें काे गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपिताें के पैर में गोली लगी, जबकि बदमाशों की फायरिंग में पुलिस टीम का आरक्षी भूपेन्द्र कुमार यादव भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान देउरवीर निवासी जय उर्फ मंगरु और कसिहार निवासी संजय के रुप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से छिनैती की दो चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो देशी तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित कैंट थाना क्षेत्र में हुई चेन छिनैती की दो घटनाओं में वांछित थे। 20 जुलाई को एक महिला अपने पति के साथ सब्जी लेने जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उसके गले से चेन छीनकर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया था।पुलिस बदमाशाें की तलाश कर रही थी।
इस दाैरान सूचना मिली कि कैंट क्षेत्र में पूर्व में चेन छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश दोबारा वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर कैंट पुलिस, एंटीथेफ्ट सेल और सर्विलांस टीम ने पैडलेगंज के आसपास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों कथित रूप से भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को मौके से दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छिनैती की दो चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो देशी तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार अजय उर्फ मंगरु के खिलाफ गोरखपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं संजय के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम सहित अन्य गंभीर मामलों में कई अभियोग दर्ज बताए गए हैं पुलिस टीम आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
---------------