मीरजापुर : अदवा बांध के चार गेट खुले, 14 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा, हलिया बाजार में घुसा पानी
मीरजापुर : अदवा बांध के चार गेट खुले, 14 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा, हलिया बाजार में घुसा पानी
मीरजापुर, 17 अगस्त । जनपद में लगातार हो रही बारिश के चलते हलिया क्षेत्र के सिरसी बांध प्रखंड स्थित अदवा बांध का जलस्तर अचानक बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने पर रविवार रात बांध के चार गेट खोलकर करीब 14 हजार क्यूसेक प्रति सेकंड पानी अदवा नदी में छोड़ा गया। तेज बहाव के कारण हलिया बाजार के ददरी रोड पर स्थित स्टेट बैंक समेत कई व्यवसायियों के घरों और प्रतिष्ठानों में पानी घुस गया, जिससे लाखों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका है।
अदवा बांध में अदवा नदी के साथ केहजूआ और सपहरा पहाड़ी नदियों का पानी लगातार पहुंच रहा है। इससे बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। स्थिति को देखते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर रात में चार गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई।
बांध से पानी छोड़े जाने के बाद हलिया-हथेडा मार्ग स्थित पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे आवागमन बाधित हो गया। छोटे वाहनों को करीब तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर भटवारी के पुराने पुल से होकर गुजरना पड़ा, जबकि बड़े वाहनों को लगभग 15 किलोमीटर दूर बड़ौही-गुरगी मार्ग से आवागमन करना पड़ा।
अचानक बाजार में पानी घुसने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। व्यवसायियों ने अपने सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का प्रयास किया। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। सिंचाई विभाग के एसडीओ अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि अदवा बांध का जलस्तर बढ़ने के कारण रात में चार गेट खोलकर 14 हजार क्यूसेक प्रति सेकंड पानी अदवा नदी में छोड़ा जा रहा है। उन्होंने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने की अपील की है।