मीरजापुरः गांव में खुली डिजिटल लाइब्रेरी, अब मिलेगी शहर जैसी पढ़ाई की सुविधा

- कक्षा एक से स्नातकोत्तर तक की किताबें उपलब्ध, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवाओं को मिलेगा लाभ

मीरजापुरः गांव में खुली डिजिटल लाइब्रेरी, अब मिलेगी शहर जैसी पढ़ाई की सुविधा

मीरजापुर, 17 अगस्त । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया विकासखंड के गलरा गांव में सोमवार को ग्रामीणों और युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधा देने की दिशा में नई पहल की गई। गांव में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का बीडीओ विमल प्रकाश पांडेय और ग्राम प्रधान ममता मिश्रा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। लाइब्रेरी शुरू होने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

उद्घाटन के दौरान बीडीओ विमल प्रकाश पांडेय ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी में कक्षा एक से लेकर स्नातक और परास्नातक स्तर तक की विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों की तैयारी से संबंधित पुस्तकें भी यहां मिलेंगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे लाइब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग करें और पुस्तकों के अध्ययन से अपने ज्ञान को बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि गांव में ऐसी सुविधा उपलब्ध होने से विशेष रूप से युवा वर्ग को लाभ मिलेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को आवश्यक अध्ययन सामग्री के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। लाइब्रेरी का सदुपयोग कर युवा शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बिरहा गायिका फगुनी देवी ने अपनी टीम के साथ राष्ट्रगीत, स्वागत गीत और बिरहा की प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर पूर्व प्रधान अरुण कुमार मिश्र, एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव, एडीओ एजी नरेंद्र कानापुरिया, कप्तान मिश्र समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। लाइब्रेरी शुरू होने से ग्रामीणों ने इसे गांव के युवाओं के लिए उपयोगी कदम बताया।