मुख्यमंत्री ने रसोइयों को दी सौगात, बढ़ाया मानदेय, कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बीमा सुविधा का ऐलान

मुख्यमंत्री ने रसोइयों को दी सौगात, बढ़ाया मानदेय, कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बीमा सुविधा का ऐलान

मुख्यमंत्री ने रसोइयों को दी सौगात, बढ़ाया मानदेय, कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बीमा सुविधा का ऐलान

लखनऊ, 23 अगस्त । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मिड-डे मील रसोइयों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए उनके मानदेय में वृद्धि की है। अब मिड-डे मील रसोइयों को 02 हजार रुपये के स्थान पर 03 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही रसोइयों को ड्रेस के लिए मिलने वाला भत्ता भी बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रसोइयों को कैसलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब रसोइयों को ड्रेस के लिए 500 रुपये की जगह 1000 रुपये का भत्ता दिया जाएगा। इसके अलावा मिड-डे मील रसोइयों को कैशलेस हेल्थ कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार की ओर से उन्हें बीमा सुरक्षा का लाभ भी मिलेगा। दुर्घटना की स्थिति में 02 लाख रुपये तक के दुर्घटना बीमा की सुविधा प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों और रसोइयों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में प्रदेश के विकास और जनहित के कार्यों के लिए समय नहीं था। उन्हाेंने तंज कसते हुए कहा कि "पहले बबुआ 12 बजे सोकर उठते थे, 02 बजे तैयार होते थे, 05 बजे जिम जाते थे और 07 बजे महफिल सजती थी। उनके पास प्रदेश के लिए समय कहां था। आज सरकार के पास प्रदेश के लिए पर्याप्त समय है।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। बेटी को छेड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में स्कूलों की व्यवस्था खराब थी और परीक्षाओं में नकल होती थी, लेकिन अब शिक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि जनता आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी को जवाब देगी और प्रदेश में विकास की राजनीति को आगे बढ़ाएगी।

मुख्यमंत्री के हाथों 11 रसोइयों को मिला कैशलेस चिकित्सा कार्ड व बढ़े मानदेय का चेक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुए कार्यक्रम में रसोइया सामाजिक सुरक्षा के तहत एमओयू हुआ। बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (बेसिक/माध्यमिक शिक्षा) पार्थसारथी सेन शर्मा व एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक दीपेश राज ने रसोइयों व उनके परिजनों के लिए दो लाख रुपये की बीमा दुर्घटना सहायता के सुरक्षा कवच से संबंधित अनुबंध का आदान-प्रदान किया। कार्यक्रम में पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना की उपलब्धियों संबंधी लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। इस दाैरान मुख्यमंत्री ने 11 रसोइयों को सम्मान व कैशलेस चिकित्सा कार्ड, परिधान किट व बढ़े हुए मानदेय का चेक प्रदान किया।

छात्राओं ने मुख्यमंत्री संग ली सेल्फी

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दाैरान विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने योजनाओं की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। बच्चों ने उन्हें निपुण तराजू के बारे में भी बताया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी दी। इस दौरान मीना मंच के स्टॉल पर बच्चियों ने मुख्यमंत्री से सेल्फी लेने का अनुरोध किया, जिस पर सीएम मुस्कुरा उठे और बच्चियों ने उनके साथ सेल्फी भी ली। इसके बाद सीएम योगी ने छह माह की अनीता व मो. अली को अपने हाथ से खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन कराया और खिलौना दिया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, विधायक डा.नीरज सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा, एमएलसी रामचन्द्र प्रधान व एमएलसी अवनीश पटेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।