बहराइच : नीलगाय से टकराई भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा की कार, बाल-बाल बचीं
बहराइच : नीलगाय से टकराई भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा की कार, बाल-बाल बचीं
बहराइच, 02 अगस्त । उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले की भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा रविवार सुबह लखनऊ जाते समय सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गईं। उनकी कार कैसरगंज स्थित एपेक्स इंटरनेशनल स्कूल के समीप अचानक सड़क पर आए एक नीलगाय से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि विधायक समेत वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। सभी को मामूली चोटें आईं, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एपेक्स इंटरनेशनल स्कूल के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नीलगाय के अचानक सामने आने से टक्कर हो गई। वाहन की रफ्तार नियंत्रित होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही एपेक्स इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक मशकूर हबीब मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल दूसरी कार की व्यवस्था कर विधायक इंद्राणी वर्मा को सुरक्षित लखनऊ के लिए रवाना कराया। स्थानीय लोगों ने उनकी तत्परता और सहयोग की सराहना की।
हादसे में नीलगाय का एक पैर टूट गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल वन्यजीव का उपचार कर उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई शुरू की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर नीलगाय समेत अन्य वन्यजीव अक्सर सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक, सुरक्षा उपाय और वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।